महिलाओं और युवाओं के लिए योगी सरकार के बड़े फैसले, जयवीर सिंह ने बताई पूरी जानकारी

लखनऊ, 26 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से लिए गए फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए तीन बड़े निर्णय लिए गए हैं, जबकि युवाओं के लिए इंटर्नशिप स्टाइपेंड और स्कॉलरशिप से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले किए गए हैं। मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सरकार के फैसलों की जानकारी साझा की।

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा

जयवीर सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उनके मुताबिक, महिलाएं रक्षाबंधन से एक दिन पहले से लेकर एक दिन बाद तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री और अन्य गणमान्य लोग अलग-अलग जिलों में आयोजित होने वाले बड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। मंत्री ने बताया कि कार्यक्रमों में शामिल होने वाली महिलाओं को मुख्यमंत्री की ओर से एक-एक साड़ी और मिठाई दी जाएगी। महिलाएं कार्यक्रम के दौरान राखियां भी बांधेंगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के हर जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त यात्रा

जयवीर सिंह ने बताया कि सरकार का दूसरा फैसला बुजुर्ग महिलाओं के लिए है। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं अपने आईडी कार्ड के आधार पर हमेशा के लिए निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। सरकार के इस फैसले को बुजुर्ग महिलाओं के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

बुजुर्ग माता-पिता को परेशान करने पर संपत्ति से हो सकते हैं वंचित

मंत्री ने तीसरे फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि यदि किसी परिवार में बुजुर्ग माता-पिता को खाना नहीं दिया जाता, उन्हें रहने नहीं दिया जाता या उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, तो शिकायत मिलने के बाद बच्चों को पैतृक संपत्ति से वंचित किया जा सकता है।

युवाओं के इंटर्नशिप स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा

जयवीर सिंह ने युवाओं के लिए सरकार के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि इंटर्नशिप स्टाइपेंड को 12 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह राशि पहले की तुलना में दोगुने से भी अधिक है। इसके अलावा मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में युवाओं के कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। मंत्री के मुताबिक, युवाओं के लिए स्कॉलरशिप से जुड़े कई फैसले भी लिए गए हैं। सरकार का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं को राहत और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular