गॉल टेस्ट : टीम इंडिया की 600वें टेस्ट में यादगार जीत, मानव सुथार के सम्मुख श्रीलंका पस्त

गॉल, 19 अगस्त। वामहस्त स्पिनर मानव सुथार (6-55) की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने उम्मीदों के अनुरूप पांचवें व अंतिम दिन बुधवार को गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम की टूटती पिच पर श्रीलंकाई बल्लेबाजों को ज्यादा दूर नहीं जाने दिया और टीम इंडिया ने पहले टेस्ट में चाय के पहले ही 165 रनों की जीत से क्रिकेट इतिहास के अपने 600वें टेस्ट को यादगार बना दिया।

मेहमानों की दूसरी पारी 206 पर सिमटी, मेजबान 165 रनों से जीते

श्रीलंकाई टीम ने 372 रनों के दुरुह लक्ष्य के सामने आज पूर्वाह्न 4-84 से जब अपनी दूसरी पारी आगे बढ़ाई तो कप्तान धनंजय डीसिल्वा (59 रन, 151 गेंद, 194 मिनट, सात चौके) व पहली पारी के शतकवीर सोनल दिनुशा (84 रन, 128 गेंद, 219 मिनट, एक छक्का, आठ चौके) के प्रयासों के बावजूद 77.4 ओवरों में 206 रनों पर जा सिमटी।

शतकवीर पडिक्कल व 10 शिकार करने वाले सुथार का उल्लेखनीय योगदान

सच पूछें तो भारत की इस शानदार जीत में दो खिलाड़ियों का सर्वाधिक उल्लेखनीय योगदान रहा। एक तो तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने वाला बल्लेबाज, जिसका यह सिर्फ तीसरा टेस्ट मैच था, और दूसरा वामहस्त स्पिनर, जो अपना दूसरा टेस्ट मैच खेलने उतरा था।

स्कोर कार्ड

पहले बल्लेबाजी करने का फायदा उठाते हुए केरल के 26 वर्षीय बल्लेबाज ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ देवदत्त पडिक्कल ने 167 रन बनाए और मेहमान टीम 178 रनों की बढ़त हासिल करने में सफल रही। वहीं राजस्थान के 24 वर्षीय सुथार ने इसका शानदार इस्तेमाल करते हुए मैच में 10 विकेट लिए। पहली पारी में भी 76 रन पर चार विकेट लेने वाले सुथार ने गेंद को घुमाने और उसे सीधा रखने, दोनों ही तरह की काबिलियत दिखाई। उन्होंने साबित किया कि वह एक बेहतरीन क्षमता वाले क्लासिकल स्पिनर हैं।

धनंजय डीसिल्वा व सोनल दिनुशा के बीच 95 रनों की भागीदारी

अंतिम दिन श्रीलंकाई पारी की बात करें तो पिछली शाम के नाबाद बल्लेबाजों – धनंजय डीसिल्वा व सोनल दिनुशा ने पहले सत्र में मेहमान गेंदबाजों का दृढ़तापूर्वक सामना किया। इस दौरान दोनों के बीच 95 रनों की साझेदारी भी आ गई। लेकिन रवींद्र जडेजा (1-71) डीसिल्वा को सुथार से कैच करा भारतीय खेमे को राहत प्रदान की जबकि प्रसिद्ध कृष्णा (2-16) ने जल्द ही निरोसन डिकवेला (10) को चलता कर दिया। दूसरी तरफ दिनुशा ने अपना अर्धशतक पूरा कर केशरा नुवांथा (20 रन, 69 गेंद, 64 मिनट, तीन चौके) संग मिलकर लंच (6-175) निकाला।

सुथार ने 10 गेंदों के भीरत दिनुशा सहित अंतिम 4 विकेट झटके

फिलहाल सुथार ने दूसरे सत्र में 10 गेंदों व सात रनों के भीतर दिनुशा सहित अंतिम चारों बल्लेबाजों को लौटाकर भारतीय जीत पर अंतिम मुहर लगा दी। इनमें दिनुशा सहित तीन बल्लेबाज तो एक ही ओवर में निबट गए। मानव ने 76वें ओवर की पहली गेंद पर लगातार दूसरे शतक से 16 रनों के फासले पर खड़े दिनुशा को जुरेल से लेग स्लिप में कैच कराया। दूसरी व छठी गेंद पर क्रमशः प्रबाथ जयसूर्या (0) व लाहिरु कुमारा (0) लौटे। वहीं नुवांथा अंतिम विकेट के रूप में सुथार के अगले ओवर में बोल्ड हो गए।

कोलंबो में 23 अगस्त से खेला जाएगा अंतिम टेस्ट

दोनों टीमें अब 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर सीरीज का दूसरा व अंतिम टेस्ट खेलेंगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular