1. Home
  2. हिंदी
  3. महत्वपूर्ण
  4. कहानियां
  5. भारत में कोरोना संकट : केरल में नए संक्रमित लगातार बढ़ रहे, महाराष्ट्र में 738 लोगों की मौत
भारत में कोरोना संकट : केरल में नए संक्रमित लगातार बढ़ रहे, महाराष्ट्र में 738 लोगों की मौत

भारत में कोरोना संकट : केरल में नए संक्रमित लगातार बढ़ रहे, महाराष्ट्र में 738 लोगों की मौत

0
Social Share

नई दिल्ली, 10 जुलाई। केरल सहित कुछ राज्यों में कोविड-19 की दूसरी लहर का असर कम नहीं हो रहा है। हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर रिकवरी रेट बढ़कर जहां 97.20 फीसदी हो गई है वहीं सक्रियता दर घटकर 1.48 प्रतिशत रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी बुलेटिन जानलेवा महामारी की यही तस्वीर प्रस्तुत कर रही है।

केरल में एक्टिव केस बढ़कर 1.13 लाख से ज्यादा

स्वास्थ मंत्रालय के अनुसार केरल में बीते 24 घंटे के दौरान 13,563 नए केस पाए गए और 10,454 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 130 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में 2,979 की दैनिक वृद्धि के साथ राज्य में अब इलाजरत मरीजों की संख्या 1.13 लाख से ज्यादा कुल 1,13,595 तक जा पहुंची है।

यदि यही हालत रही तो केरल एक्टिव मामलों की संख्या में जल्द ही महाराष्ट्र को पीछे छोड़ सबसे आगे निकल जाएगा, जहां शुक्रवार तक 1,15,494 मरीज इलाजरत थे। हालांकि महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा 738 लोगों की मौत हुई। सिर्फ महाराष्ट्र व केरल ही दो ऐसे राज्य हैं, जहां मृतकों का दैनिक आंकड़ा लगातार 100 से ऊपर है।

राष्ट्रीय स्तर पर 24 घंटे के दौरान 1,206 मौतें

हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर 24 घंटे के दौरान 42,766 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई तो 45,254 लोग स्वस्थ हुए। इस दौरान मृतकों की संख्या कई दिनों बाद एक हजार से पार 1,206 तक जा पहुंची।

देश में अब भी 4.55 लाख लोग कोरोना का इलाज करा रहे

मंत्रालय के अनुसार देशभर में अब तक 3.07 करोड़ से ज्यादा कुल 3,07,95,716 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। इनमें 97.20 फीसदी की दर से तीन करोड़ के लगभग कुल 2,99,33,538 लोगों ने इस महामारी से निजात पाई है। हालांकि इस दौरान 1.32 फीसदी की दर से 4,07,145 लोगों की जान भी जा चुकी है। एक्टिव केस में 3,694 की दैनिक गिरावट के साथ शुक्रवार तक देश में 1.48 फीसदी की दर से 4,55,033 मरीज इलाजरत थे।

अब तक 37 करोड़ से ज्यादा लोगों को टीकाकरण का लाभ

इस बीच देश में कोरोनारोधी टीका लगवाने वालों की संख्या 37 करोड़ से पार कुल 37,21,96,268 तक जा पहुंची है। टीकाकरण अभियान के 175वें दिन शुक्रवार को 30,55,802 लोगों को टीके की पहली या दूसरी डोज दी गई।

दैनिक सकारात्मकता दर 2.19 फीसदी

दूसरी तरफ आईसीएमआर ने जानकारी दी है कि 24 घंटे के दौरान 19,55,225 लोगों की कोरोना जांच की गई। इसके साथ ही नौ जुलाई तक देशभर में 42.89 करोड़ से ज्यादा कुल 42,89,71,830 लोग इस संक्रमण की जांच प्रकिया से गुजर चुके हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को दैनिक पॉजिटिविटी रेट (सकारात्मकता दर) 2.19 फीसदी रही। बीते एक माह से ज्यादा अवधि से दैनिक सकारात्मकता दर 5 फीसदी से नीचे बनी हुई है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code