कांग्रेस के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान की पोस्टर गर्ल प्रियंका ने थामा भाजपा का दामन

लखनऊ, 20 जनवरी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिये कांग्रेस द्वारा महिला मतदाताओं को लुभाने के लिये शुरु किये गये ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान की पोस्टर गर्ल डा. प्रियंका मौर्य ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। डॉ. मौर्य और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साढ़ू प्रमोद गुप्ता सहित अन्य लोगों को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ज्वाइनिंग समिति के प्रमुख लक्ष्मीकांत बाजपेई ने पार्टी में शामिल किया।

पेशे से होम्योपैथिक चिकित्सक डा मौर्य, यूथ कांग्रेस की भी राष्ट्रीय सचिव हैं। वह मूलत: लखनऊ के सरोजनी नगर इलाके से ताल्लुक रखती हैं। बतौर समाजसेवी उन्होंने शहर में गरीबों की मदद के लिये ‘नेकी की दीवार’ और ‘रोटी बैंक’ अभियान को भी आगे बढ़ाया था। उनके अलावा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के नेता प्रमोद गुप्ता ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।

औरैया जिले के रहने वाले गुप्ता प्रसपा के मदेश महासचिव थे। वह उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष भी रहे हैं। बाजपेयी ने इस दौरान 1984 बैच के आईएएस अधिकारी किशन सिंह अटोरिया को भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करायी। अटोरिया, उत्तर प्रदेश सरकार में अपर मुख्य सचिव भी रहे हैं। बाजपेयी ने भाजपा में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत करते हुये कहा कि इनके आने से पार्टी के जनाधार में वृद्धि होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular