1. Home
  2. हिंदी
  3. महत्वपूर्ण
  4. कहानियां
  5. भारत में कोरोना संकट : केरल की स्थिति बिगड़ रही,16 हजार से ज्यादा नए संक्रमित,1.25 लाख एक्टिव केस
भारत में कोरोना संकट : केरल की स्थिति बिगड़ रही,16 हजार से ज्यादा नए संक्रमित,1.25 लाख एक्टिव केस

भारत में कोरोना संकट : केरल की स्थिति बिगड़ रही,16 हजार से ज्यादा नए संक्रमित,1.25 लाख एक्टिव केस

0
Social Share

नई दिल्ली, 18 जुलाई। देश के ज्यादातर राज्यों के विपरीत केरल में कोविड-19 महामारी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस क्रम में शनिवार को राज्य में 16 हजार से ज्यादा नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही प्रदेश में इलाजरत मरीजों की संख्या बढ़कर 1.25 लाख हो गई है। हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय मामलों में गिरावट जारी है।

केरल में 24 घंटे के अंदर बढ़े 2,837 एक्टिव केस

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार केरल में बीते 24 घंटे के दौरान 16,148 नए केस पाए गए और 114 लोगों की मौत हुई। हालांकि इस दौरान 13,197 लोग स्वस्थ भी घोषित किए गए। एक्टिव केस में 2,837 की दैनिक वृद्धि के साथ अब राज्य में इलाजरत मरीजों की संख्या 1,25,273 तक जा पहुंची है। केरल सहित कुल सात राज्यों में शनिवार को एक्टिव केस में वृद्धि दर्ज की गई। इनमें आंध्र प्रदेश व गोवा के अलावा पूर्वोत्तर के चार राज्य मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर 41,157 नए केस, 42 हजार स्वस्थ
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर शनिवार को 41,157 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई और 518 मरीजों की मौत हुई जबकि 42,004 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। देश में अब तक 3.11 करोड़ से ज्यादा कुल 3,11,06,065 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 97.31 फीसदी की दर से 3.02 करोड़ से ज्यादा कुल 3,02,69,796 लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। इस दौरान 1.33 फीसदी के रेट से 4,13,609 मौतें भी हो चुकी हैं। एक्टिव केस में 1,365 की दैनिक गिरावट के साथ देश में शनिवार तक 1.36 फीसदी की दर से कुल 4,22,660 मरीज इलाजरत थे।

वैक्सीन ले चुके लोगों की संख्या 40 करोड़ से पार, दिनभर में 51 लाख लोगों का टीकाकरण
इस बीच टीकाकरण अभियान के 183वें दिन 17 जुलाई को 51 लाख से ज्यादा कुल 51,01,567 लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज दी गई। इसके साथ ही शनिवार तक देशभर में 40 करोड़ से ज्यादा कुल 40,49,31,715 लोग टीकाकरण का लाभ ले चुके हैं। उधर आईसीएमआर के अनुसार शनिवार को 19,36,709 लोगों की कोरोना जांच की गई। 17 जुलाई तक 44.20 करोड़ से ज्यादा कुल 44,56,58,663 लोगों की टेस्टिंग की जा चुकी है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code