1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. सुर साम्राज्ञी आशा भोसले के निधन पर देश भर में शोक : पीएम मोदी व सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
सुर साम्राज्ञी आशा भोसले के निधन पर देश भर में शोक : पीएम मोदी व सीएम योगी समेत कई  नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

सुर साम्राज्ञी आशा भोसले के निधन पर देश भर में शोक : पीएम मोदी व सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

0
Social Share

नई दिल्ली, 12 अप्रैल। सुर साम्राज्ञी आशा भोसले के निधन पर वरिष्ठ राजनेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनका निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है और उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने भारतीय संस्कृति पर अमिट छाप छोड़ी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आशा भोसले का निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है और उनके सुमधुर गीतों की गूंज सदैव बनी रहेगी।

आशा भोसले पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को प्रख्यात गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके गीत लोगों के जीवन में हमेशा गूंजते रहेंगे। ‘एक्स’ पर अपने संदेश में मोदी ने यह भी कहा कि दशकों तक विस्तृत भोसले की असाधारण संगीतमय यात्रा ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ।
उन्होंने कहा, “भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक, आशा भोसले जी के निधन से मैं बेहद दुखी हूं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि चाहे उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएं, भोसले की आवाज में कालातीत प्रतिभा झलकती थी। मोदी ने कहा, “उनके साथ हुई बातचीत की यादें मेरे दिल में हमेशा बसी रहेंगी। उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। वह पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।”

मुख्यमंत्री योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मशहूर गायिका आशा भोसले के निधन को अत्यंत दुखद और कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”भारतीय संगीत जगत की स्वर साम्राज्ञी, महान संगीत कलाकार और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले जी का निधन बहुत दुखद घटना है और कला की दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति है। गायन में उनकी बेमिसाल कला ने भारतीय संगीत को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनकी सुरीली आवाज इस देश के लोगों के दिलों में हमेशा गूंजती रहेगी।” आदित्यनाथ ने कहा, ”मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को यह बहुत बड़ा दुख सहने की ताकत दें। ओम शांति!”

राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा, “भारत की सुर साम्राज्ञी आशा भोसले जी का निधन मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। पार्श्व गायिका के रूप में उन्होंने हज़ारों फ़िल्मों एवं संगीत एल्बम्स में अपनी आवाज़ दी। उनके गाए हुए गीतों को भारत की कई पीढ़ियों ने सुना और गुनगुनाया है। उनके सुमधुर गीतों की गूंज सदैव बनी रहेगी। आशा भोसले जी का निधन संगीत और जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उन्होंने अपनी विलक्षण प्रतिभा से भारतीय संगीत को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया और अनेक फिल्मों व गीतों को अमर बनाया। गडकरी ने कहा, “भारतीय संगीत जगत की मशहूर और दिग्गज हस्ती गायिका पद्म विभूषण आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनके साथ मेरे पारिवारिक संबंध रहें है। उनका जाना भारत के संगीत क्षेत्र की अपरिमित क्षति है। अपनी विलक्षण प्रतिभा से आशा जी ने संगीत के क्षितिज पर अपनी एक अलग पहचान बनायी। नया दौर, तीसरी मंज़िल, हरे रामा हरे कृष्णा, उमराव जान के साथ साथ इजाज़त और रंगीला जैसे वक़्त और पीढ़ियों के साथ बदलती कई मशहूर फिल्में और गीत आशा जी ने अपने स्वर से अमर किए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे। ॐ शांति।”

अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आशा भोसले की मधुर आवाज और बहुमुखी प्रतिभा ने भारतीय संगीत को समृद्ध किया तथा उन्होंने कई भाषाओं और शैलियों में अपनी अमिट छाप छोड़ी। शाह ने कहा, “आज हर भारतीय और विशेषकर मेरे जैसे हर संगीत प्रेमी के लिए दुःखद दिन है, जब हम सबकी प्रिय आशा भोसले जी हमारे बीच नहीं रहीं। आशा ताई ने न सिर्फ अपनी मधुर आवाज और अद्वितीय प्रतिभा से एक अलग पहचान बनाई, बल्कि अपने सुरों से भारतीय संगीत को भी और अधिक समृद्ध कियाआशा ताई की आवाज में जितनी कोमलता थी, उनके व्यवहार में भी उतनी ही सादगी और आत्मीयता थी। उनसे जब भी मुलाकात होती थी, संगीत और कला जैसे अनेक विषयों पर लंबी बातें होती थीं। आज वे भले ही हमारे बीच नहीं हैं, पर अपनी आवाज से वे सदैव हमारे दिलों में रहेंगी।”

तरुण चुघ

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आशा भोसले करोड़ों भारतीयों के दिलों की आवाज थीं और उनका निधन अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा, “यह बहुत दुखद है। वह भारत के करोड़ों लोगों के दिलों की आवाज़ थीं। एक मधुर आवाज़, जिसने देश के सुख-दुख को व्यक्त किया… उनका निधन अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह एक अपूरणीय क्षति है।”

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code