गोवा में ममता की हुंकार – भाजपा का सूर्यास्त आरंभ हो गया है, यह चलन पूरे देश में दिखाई देगा

पणजी, 14 दिसंबर। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हुंकार भरते हुए दावा किया है कि गोवा, उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे जिन राज्यों में 2022 की शुरुआत में चुनाव होने है, वहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सूर्यास्त आरंभ हो गया है और यह चलन पूरे देश में दिखाई देगा।

सभी दलों को मिलकर भाजपा को हराना होगा

ममता बनर्जी ने मंगलवार को यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस को भी नसीहत दी और कहा कि उसे भगवा संगठन को लेकर बड़े-बड़े दावे करने की बजाय भाजपा के खिलाफ सही तरीके से लड़ना चाहिए। उन्होंने सभी विपक्षी दलों का आह्वान किया कि उन्हें मिलकर भाजपा को हराना होगा।

तृणमूल और एमजीपी के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा

बनर्जी ने इस जनसभा में गोवा में आगामी चुनाव के लिए तृणमूल और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा की। एमजीपी राज्य का सबसे पुराना क्षेत्रीय संगठन है। उन्होंने कहा, ‘गोवा को आपदा से बचाइए…. यह मेरा नारा है।’ उन्होंने कहा कि तृणमूल और एमजीपी मिलकर काम करेंगी और आगामी चुनाव को जीतने से इस गठबंधन को कोई नहीं रोक सकता।

जब गोवा मुस्कुराता है, तो भारत मुस्कुराता है

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता ने गोवा के अपने दौरे के दूसरे दिन आयोजित इस जनसभा में कहा, ‘आपको गोवा की रक्षा करने के लिए काम करना होगा। गोवा भारत है। यह मत सोचिए कि गोवा बहुत छोटा है। सूर्योदय गोवा में होता है। जब गोवा मुस्कुराता है, तो भारत मुस्कुराता है।’

ममता ने कहा, ‘गोवा में सूर्यास्त भी होता है। भाजपा का सूर्यास्त गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब से शुरू हुआ है… यह पूरे भारत में होगा। उन्होंने लोगों को बहुत ठगा है।’ गोवा को भाजपा से बचाने के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए, भले ही वे किसी भी धर्म या समुदाय से संबंध रखते हों।’

पीएम मोदी पर निशाना – चुनाव आते हैं तो गंगा में डूब जाते हैं

ममता ने इस दौरान पीएम मोदी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, ‘चुनाव आते हैं तो गंगा में डूब जाते हैं, चुनाव आते हैं तो उत्तराखंड में जाकर मंदिर के अंदर बैठ जाते हैं और कोविड में जब लोग मरते हैं तो मां गंगा में बहा देते हैं। अंतिम संस्कार भी नहीं करने देते, मां गंगा को अपवित्र किया है।

भाजपा के साथ मित्रता करते देख मैंने छोड़ी थी कांग्रेस

कांग्रेस के बारे में तल्ख टिप्पणी करते हुए ममता ने कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व वाला दल भाजपा से निबटने के केवल बड़े-बड़े दावे करता है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने के बड़े दावे करती है। पूरे देश में, आप अकेले लड़े। आप (इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल चुनाव में) हमारे खिलाफ भी लड़े। कम से कम भाजपा के खिलाफ लड़िए और उसके बाद बड़े बयान दीजिए। मैं कांग्रेस में भी थी, लेकिन मैंने इसे छोड़ा क्येांकि मैंने आपको (कांग्रेस को) भाजपा के साथ मित्रता करते देखा।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular