1 जुलाई से बदल जाएंगे ये बड़े नियम : आधार अपडेट होगा फ्री, पासपोर्ट होगा महंगा, बढ़ेंगी कारों की कीमतें, LPG पर भी नजर
नई दिल्ली, 29 जून।1 जुलाई 2026 से आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने जा रहा है। नए महीने की शुरुआत के साथ आधार अपडेट, पासपोर्ट शुल्क, कारों की कीमतें, क्रेडिट कार्ड नियम और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव लागू होंगे। इन फैसलों का सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा के खर्चों पर पड़ सकता है।
आधार में ईमेल अपडेट कराना होगा मुफ्त
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने लोगों को राहत देते हुए घोषणा की है कि 1 जुलाई से 31 दिसंबर तक आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट कराने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। पहले इस सेवा के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था। इस पहल का उद्देश्य लोगों को अपने आधार की जानकारी समय-समय पर अपडेट करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा
विदेश यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए यह बदलाव अहम है। सरकार ने पासपोर्ट शुल्क में बढ़ोतरी का फैसला किया है।
1-सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है।
2-तत्काल पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये होगी।
3-नई दरें 1 जुलाई से प्रभावी हो जाएंगी।
कई कंपनियों की कारें होंगी महंगी
ऑटो सेक्टर में भी कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। कई प्रमुख वाहन निर्माताओं ने 1 जुलाई से वाहनों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है।
1-टाटा मोटर्स (Passenger Vehicles): 1.5% तक बढ़ोतरी
2-मोटर्स (Commercial Vehicles): 2.5% तक बढ़ोतरी
3-बीएमडब्ल्यू: 2% तक बढ़ोतरी
4-एमजी मोटर: 3% तक बढ़ोतरी
5-किआ इंडिया: 2% तक बढ़ोतरी
अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो 1 जुलाई से पहले खरीदारी करना फायदेमंद हो सकता है।
क्रेडिट कार्ड नियमों में भी होगा बदलाव
1 जुलाई से कई बैंकों के क्रेडिट कार्ड नियमों में भी बदलाव लागू होंगे।
1- SBI Card ने कुछ चुनिंदा PhonePe SBI Credit Card पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स के नियमों में बदलाव किया है। कुछ लेन-देन पर अब पहले जैसी रिवॉर्ड सुविधा नहीं मिलेगी और नई सीमाएं लागू होंगी।
2- HDFC Regalia Gold Credit Card धारकों को अब हर कैलेंडर तिमाही में अधिकतम तीन बार मुफ्त घरेलू एयरपोर्ट लाउंज सुविधा मिलेगी। हालांकि, इसका लाभ लेने के लिए प्रत्येक तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये खर्च करना अनिवार्य होगा।
LPG सिलेंडर की कीमतों पर भी रहेगी नजर
हर महीने की पहली तारीख को तेल विपणन कंपनियां एलपीजी सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 जुलाई को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की घोषणा की जा सकती है। हालांकि, नई दरों का आधिकारिक ऐलान महीने की शुरुआत में किया जाएगा।
आम लोगों पर क्या होगा असर?
1 जुलाई से लागू होने वाले इन बदलावों का असर सीधे आम नागरिकों की जेब पर पड़ेगा। जहां आधार अपडेट मुफ्त होने से लोगों को राहत मिलेगी, वहीं पासपोर्ट शुल्क और वाहनों की बढ़ी कीमतें अतिरिक्त खर्च बढ़ा सकती हैं। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड उपयोगकर्ताओं को नए नियमों के अनुसार अपने खर्च और रिवॉर्ड्स की योजना बनानी होगी।
