1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. FBI का बड़ा एक्शन : अमेरिका से गिरफ्तार हुआ जग्गू भगवानपुरिया गैंग का गैंगस्टर नीतीश कौशल, ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत कार्रवाई
FBI का बड़ा एक्शन : अमेरिका से गिरफ्तार हुआ जग्गू भगवानपुरिया गैंग का गैंगस्टर नीतीश कौशल, ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत कार्रवाई

FBI का बड़ा एक्शन : अमेरिका से गिरफ्तार हुआ जग्गू भगवानपुरिया गैंग का गैंगस्टर नीतीश कौशल, ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत कार्रवाई

0
Social Share

नई दिल्ली, 17 जून। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े कथित गैंगस्टर नीतीश कौशल को अमेरिका के वर्मोंट (Vermont) से गिरफ्तार किया है। FBI ने उसे गिरफ्तारी से दो दिन पहले ही अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया था। यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत की गई है।

इंटरनेशनल ऑर्गेनाइज्ड क्राइम सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य होने का आरोप

FBI के अनुसार, नीतीश कौशल कथित तौर पर एक अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य है। उस पर हत्या, ड्रग तस्करी, रंगदारी, अपहरण, हथियारों की तस्करी, हवाला और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि जग्गू भगवानपुरिया गैंग का नेटवर्क पंजाब से शुरू होकर अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत कई देशों तक फैल चुका है।

कैलिफोर्निया की फेडरल कोर्ट ने जारी किया था वारंट

नीतीश कौशल पर आरोप है कि उसने जग्गू भगवानपुरिया गैंग के लिए अपहरण, हमले और अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम दिया। उसके खिलाफ 25 जून को सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की फेडरल कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर Racketeer Influenced and Corrupt Organizations (RICO) Conspiracy के तहत मामला दर्ज किया गया था।

क्या है ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’?

‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ FBI का अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान है। इसके तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 50 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामान और मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। FBI इस अभियान के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग, जग्गू भगवानपुरिया गैंग और गोल्डी बराड़ से जुड़े नेटवर्क पर भी शिकंजा कस रही है।

कई देशों तक फैला है नेटवर्क

अमेरिकी ग्रैंड ज्यूरी पहले भी अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको और भारत तक फैले कथित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क का खुलासा कर चुकी है। आरोपपत्र में जग्गू भगवानपुरिया और उसके सहयोगियों पर अवैध हथियारों की तस्करी, रंगदारी, हत्या की साजिश और ड्रग तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code