1. Home
  2. कारोबार
  3. शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 75000 से नीचे फिसला, निफ्टी भी 359 अंक कमजोर
शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 75000 से नीचे फिसला, निफ्टी भी 359 अंक कमजोर

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 75000 से नीचे फिसला, निफ्टी भी 359 अंक कमजोर

0
Social Share

मुंबई, 29 मई। वैश्विक और घरेलू मोर्चों पर आए नकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार ने कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन न सिर्फ शुरुआती बढ़त गंवाई वरन अंतिम घंटे में भारी बिकवाली के चलते दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 1,092 अंकों की गिरावट से एक बार फिर 75,000 के स्तर से नीचे जा फिसला वहीं एनएसई निफ्टी भी 359 अंक कमजोर हुआ।

इस वर्ष कम मानसून के पूर्वानुमान से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित

दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौतों और शर्तों को लेकर वैश्विक बाजार में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस वर्ष मानसून के दीर्घकालिक औसत (LPA) का 90% रहने का अनुमान जताया है। मानसून के इस कमजोर पूर्वानुमान के बाद बाजार में व्यापक बिकवाली देखने को मिली, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई।

सेंसेक्स 1,092.06 अंकों की बड़ी गिरावट से 74,775.74 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच 1,092.06 अंक या 1.44 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 74,775.74 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक ने 120 अंकों की बढ़त से ओपनिंग दी थी। कारोबार के दौरान यह 76,220.02 के उच्चस्तर पर पहुंच गया था, लेकिन आखिरी घंटों में तेज बिकवाली के कारण यह 74,589.11 के इंट्रा-डे लो (निचला स्तर) तक गोता लगा गया। कुल मिलाकर सूचकांक ने 1,631 अंकों का बड़ा उतार-चढ़ाव देखा। सेंसेक्स के संबद्ध कम्पनियों में 26 के शेयर लाल निशान पर रहे तो सिर्फ चार में बढ़त रही।

निफ्टी 1.50 प्रतिशत फिसलकर 23,547.75 अंक पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 359.40 अंक या 1.50 प्रतिशत फिसलकर 23,547.75 के स्तर पर आ गया। सूचकांक ने 518 अंकों के दायरे में 24,002.80 का इंट्रा-डे हाई और 23,484.75 का इंट्रा-डे लो बनाया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ पांच के स्टॉक हरे निशान पर रहे तो 45 में गिरावट दर्ज की गई।

इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक में सर्वाधिक 3.27 फीसदी की गिरावट

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक में सर्वाधिक 3.27 फीसदी की गिरावट रही। पॉवर ग्रिड, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस व टाटा स्टील में भी प्रमुख रूप से गिरावट दर्ज की गई। वहीं दूसरी ओर टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, लार्सन एंड टुब्रो व इंफोसिस में मुख्य रूप से बढ़त दर्ज की गई।

IT सेक्टर ने दिया सहारा

बाजार की इस चौतरफा गिरावट के बीच आईटी सेक्टर मजबूती से खड़ा रहा। अमेरिकी तकनीकी बाजारों में आई तेजी और भारतीय रुपये में आई कमजोरी के कारण निफ्टी आईटी इंडेक्स 0.60% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। कमजोर रुपये से निर्यात आधारित आईटी कम्पनियों के मार्जिन में सुधार की उम्मीद दिखाई दे रही है।

एफआईआई ने 1,042.70 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,042.70 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.52 प्रतिशत गिरकर 92.29 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code