महाराष्ट्र: भाजपा विधायक की गोलीबारी में घायल हुए शिवसेना नेता की हालत स्थिर

ठाणे, 5 फरवरी। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में तीन दिन पहले एक पुलिस थाने के अंदर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक द्वारा की गई गोलीबारी में घायल हुए शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ की हालत स्थिर है। अस्पताल के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

कल्याण से लोकसभा सदस्य और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे ने ठाणे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती महेश गायकवाड़ (40) से सोमवार को मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की कल्याण इकाई के प्रमुख महेश गायकवाड़ की हालत पहले गंभीर बताई गई थी।

अधिकारियों ने बताया था कि भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने हिल लाइन पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर शुक्रवार देर रात महेश गायकवाड़ को किसी भूमि विवाद के कारण छह गोलियां मारी थीं और उनके सहयोगी राहुल पाटिल को भी घायल कर दिया था।

इसके बाद शिवसेना नेता को ठाणे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल ने शनिवार को बताया कि महेश के ऑपरेशन के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। अस्पताल के एक प्रवक्ता ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि महेश गायकवाड़ की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति अब स्थिर है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular