महाराष्ट्र : मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने ही विधायकों से नाराज, गोवा के होटल में किया था डांस

पणजी, 1 जुलाई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शीर्ष पद के लिए उनके नाम की घोषणा के बाद गोवा के होटल में उनके गुट के विधायकों के एक समूह द्वारा नृत्य किये जाने पर नाराजगी व्यक्त की है। इस कड़ी में उन्होंने विधायकों से भविष्य में ऐसा कृत्य न दोहराने की हिदायत दी है।

बागी विधायकों का मराठी गीतों पर नाचते हुए एक वीडियो वायरल

गौरतलब है कि शिवसेना के बागी विधायक शिंदे के महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री बनने की जानकारी मिलने के बाद गोवा के एक होटल की लॉबी में नाचने लगे थे। बागी विधायकों का मराठी गीतों पर नाचते हुए एक वीडियो वायरल हो गया।

उल्लेखनीय है कि गुवाहाटी में आठ दिन गुजारने के बाद सभी बागी विधायक अपने नेता शिंदे के साथ 29 जून की शाम गोवा आ गए थे और उन्हें 30 जून को मुंबई जाकर विधानसभा में प्रस्तावित शक्ति परीक्षण में भाग लेना था। लेकिन तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच बुधवार की रात ही उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी, जिससे अगले दिन फ्लोर टेस्ट की नौबत ही नहीं आई।

शपथ ग्रहण के बाद शिंदे भोर में गोवा लौट गए थे

अंततः एकनाथ शिंदे गुरुवार की दोपहर अकेले यहां से मुंबई कि लिए रवाना हुए और देर शाम राजभवन में आयोजित संक्षिप्त समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के बाद शिंदे शुक्रवार तड़के यहां के निकट डोना पाउला स्थित होटल में लौट आए। लौटने पर शिंदे ने विधायकों द्वारा नृत्य किए जाने को लेकर नाराजगी व्यक्त की और इस पर आपत्ति जताई।

दीपक केसरकर ने कहा  – इस तरह से नृत्य करना एक गलती थी

शिंदे खेमे के प्रवक्ता एवं शिवसेना के बागी विधायक दीपक केसरकर ने पत्रकारों से कहा, ‘बड़े दिल से हम स्वीकार करते हैं कि इस तरह से नृत्य करना एक गलती थी। यह उन विधायकों के लिए अच्छा नहीं लगता, जो लोगों द्वारा चुने गए हैं और जिनका लक्ष्य महाराष्ट्र की बेहतरी के लिए काम करना है।’

केसरकर ने कहा कि होटल में विधायकों को संबोधित करने के दौरान शिंदे ने उनके नृत्य पर कड़ी आपत्ति जताई और उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि भविष्य में ऐसी चीजें न हों। ऐसी गलतियां खुशी के पलों में होती हैं, लेकिन आदर्श रूप में ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बागी विधायकों ने महाराष्ट्र की बेहतरी के लिए भाजपा से हाथ मिलाया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular