1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा – ‘सबके लिए स्वास्थ्य’ का लक्ष्य हासिल करने में योग निभा सकता है कारगर भूमिका
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा – ‘सबके लिए स्वास्थ्य’ का लक्ष्य हासिल करने में योग निभा सकता है कारगर भूमिका

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा – ‘सबके लिए स्वास्थ्य’ का लक्ष्य हासिल करने में योग निभा सकता है कारगर भूमिका

0
Social Share

नई दिल्ली, 7 अप्रैल। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि ‘सबके लिए स्वास्थ्य’ हमारा सामूहिक मिशन होना चाहिए और इसमें योग बहुत कारगर भूमिका निभा सकता है।

योग के रूप में भारत ने दुनिया को महान उपहार और उत्तम जीवन पद्धति दी है

ओम बिरला ने गुरुवार को यहां आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित विश्व स्वास्थ्य दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 75 दिन पूर्व आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्षीय भाषण देते हुए कहा कि योग के रूप में भारत ने दुनिया को महान उपहार और उत्तम जीवन पद्धति दी है। भारत ने दुनिया को स्वस्थ तन और स्वस्थ मन की उपयोगिता बताई है और योग के माध्यम से इस लक्ष्य तक पहुंचने का मार्ग भी दिखाया है।

लोकसभा अध्यक्ष ने संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 21 जून का दिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित करने की प्रशंसा करते हुए कहा कि योग की इस विश्वव्यापी स्वीकृति ने भारत की प्राचीन विद्या, संस्कृति और जीवनशैली पर मुहर लगाई थी।

उन्होंने कहा, ‘योग हमारे लिए कोई नई अवधारणा नहीं है। योग प्राचीनकाल से भारतीय संस्कृति से निकटता से जुड़ा है। भगवत गीता से लेकर महर्षि पतंजलि के योगसूत्र तक, योग ने भारत की समन्वित संस्कृति को दर्शाया है। योग की शारीरिक और मानसिक उपयोगिता तो है ही, इसका सामाजिक और आध्यात्मिक महत्व भी है।’

ओम बिरला ने हर्ष व्यक्त किया कि दुनिया में अनेक देशों में हुए शोध भी योग को बीमारियों के रोकथाम में प्रभावी बताते है, इसलिए आज वैश्विक स्तर पर योग की महत्ता और अधिक बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, किडनी, लीवर जैसी जीवनशैली से संबंधित बीमारियों, यहां तक कि हृदय रोग के नियंत्रण और रोकथाम में योग बहुत कारगर सिद्ध हो रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल सहित कई सांसद मौजूद रहे।

लालकिले पर योगाभ्यास से 75 दिवसीय योग उत्सव की शुरुआत

इसी कड़ी में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में कई केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, विभिन्न देशों के राजदूतों, वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों समेत तीन हजार से ज्यादा लोगों ने लालकिले पर योगभ्यास कर दुनियाभर में होने वाले 75 दिवसीय ‘योग उत्सव’ का श्रीगणेश किया।

आयुष मंत्रालय ने 21 जून को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आज विश्व स्वास्थ्य दिवस से 75 दिन के योग उत्सव कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके तहत अगले 75 दिन तक ‘इंडिया ब्रांड’ को प्रोत्साहन देने के लिए 75 ऐतिहासिक, प्रसिद्ध और पर्यटन स्थलों पर योग का प्रदर्शन किया जाएगा।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code