लालकृष्ण आडवाणी की बिगड़ी तबीयत, दिल्ली के अपोलो अस्पताल में कराया गया भर्ती

नई दिल्ली, 14 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ गई है। शनिवार को उन्हें दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। न्यूरोलॉजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर विनीत सूरी की देखरेख में अडवाणी का इलाज किया जा रहा है। लालकृष्ण आडवाणी 97 साल के हैं। पिछले 4-5 महीनों के अंदर वो करीब चौथी बार अस्पताल में भर्ती हुए हैं।

बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। यही वजह है कि वो इन दिनों अपने घर पर ही रहते हैं और किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होते। आडवाणी को इस साल देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया था। लेकिन वो स्वास्थ्य की वजह से राष्ट्रपति भवन के आयोजन में नहीं पहुंच सके। उन्हें आवास पर ही भारत रत्न दिया गया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 30 मार्च को उनके निवास पर जाकर उन्हें ‘भारत रत्न’ से नवाजा था। इस दौरान उनके आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे। 2015 में पद्म विभूषण सम्मान भी दिया गया था। आडवाणी वाजपेयी सरकार में उप प्रधानमंत्री थे। वो देश के गृह मंत्री भी रह चुके हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular