1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : टिम डेविड की अगुआई में चैम्पियन RCB ने खड़ा किया रनों का पहाड़, CSK की लगातार तीसरी पराजय
आईपीएल-19 : टिम डेविड की अगुआई में चैम्पियन RCB ने खड़ा किया रनों का पहाड़, CSK की लगातार तीसरी पराजय

आईपीएल-19 : टिम डेविड की अगुआई में चैम्पियन RCB ने खड़ा किया रनों का पहाड़, CSK की लगातार तीसरी पराजय

0
Social Share

बेंगलुरु, 5 अप्रैल। मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में अपना अभियान जारी रखा और रविवार की रात यहां घरेलू मैदान पर विस्फोटक टिम डेविड (नाबाद 70 रन, 25 गेंद, आठ छक्के, तीन चौके) की अगुआई में रनों का पहाड़ खड़ा करने के बाद  पांच बार के पूर्व चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 43 रनों की बड़ी शिकस्त दे दी।

टिम व पडिक्कल के तूफानी पचासों से बन गया चालू सत्र का सर्वोच्च स्कोर

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाली घरेलू टीम ने शुरुआत से ही रफ्तार पकड़ ली और कंगारू टिम डेविड व देवदत्त पडिक्कल (50 रन, 29 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) के तूफानी अर्धशतकों के अलावा क्रीज पर उतरे अन्य सभी बल्लेबाजों की आक्रामक पारियों से तीन विकेट पर ही 250 रन उड़ गए। यह मौजूदा सत्र में किसी टीम के सर्वोच्च स्कोर के अलावा आईपीएल इतिहास में आरसीबी का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर था।

डफी व भुवी के शुरुआती झटके से उबर नहीं सकी मेहमान टीम

जवाबी काररवाई में भुवनेश्वर कुमार (3-41) व जैकब डफी (2-44) एंड कम्पनी के सामने खराब शुरुआत के बाद चेन्नई की टीम कभी मुकाबले में नहीं लौट सकी। अंततः सरफराज खान (50 रन, 25 गेंद, दो छक्के, आठ चौके), प्रशांत वीर (43 रन, 29 गेंद, एक छक्का, छह चौके) व जेमी ओवर्टन (37 रन, 16 गेंद, दो छक्के, चार चौके) की कोशिशों के बाद मेहमान दल 19.4 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 207 रनों तक पहुंच सका। भुवी व डफी के अलावा क्रुणाल पंड्या व अभिनंदन सिंह ने दो-दो विकेट लिए।

आरसीबी लगातार दूसरी जीत से शीर्ष पर पहुंचा

आरसीबी ने लगातार दूसरी जीत और बेहतर नेट रन रेट से अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। उसने गत 28 मार्च को इसी मैदान पर 200 से ज्यादा रनों का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को भी छह विकेट से हराया था। वहीं चोटिल पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी में सीएसके की टीम लगातार तीसरी पराजय के चलते फिसड्डी बनी हुई है। दो दिन पूर्व अपने घरेलू मैदान चेपक में पंजाब किंग्स से भी पांच विकेट की पराजय सहने वाली ऋतुराज गायकवाड़ की टीम को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स ने आठ विकेट से मात दी थी।

पाटीदार व टिम डेविड ने सिर्फ 36 गेंदों पर 99 रन कूट डाले

आरसीबी की पारी देखें तो ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ टिम डेविड व पडिक्कल के अलावा  कप्तान रजत पाटीदार (नाबाद 48 रन, 19 गेंद, छह छक्के, एक चौका) ने छक्कों की बारिश की। उन्होंन डेविड संग मिलकर 35 गेंदों पर 99 रनों कूट डाले और दल को 250 रनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं ओपनर फिल साल्ट (46 रन, 30 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) व विराट कोहली (28 रन, 18 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने शुरुआत में तेज हाथ दिखाए।

स्कोर कार्ड

देखा जाए तो चिन्नास्वामी की पिच पर थोड़ी धीमी थी, जिस पर आरसीबी के बल्लेबाज शुरुआत से ही बेखौफ दिखे। हालांकि पारी की शुरुआत धीमी रही और 20 गेंदों के बाद पहला चौका विराट के बल्ले से निकला। यही नहीं वरन सात के निजी स्कोर पर जीवनदान पाने वाले विराट हालांकि तेजी दिखाने के बावजूद पांचवे ओवर में अंशुल कम्बोज के शिकार भी बन गए (1-37)।

पडिक्कल ने साल्ट व पाटीदार संग कीं तेज अर्धशतकीय भागीदारियां

लेकिन फिल साल्ट व पडिक्कल ने मिलकर विपक्षी गेंदबाजों को बेबस कर दिया और 37 गेंदों पर ही 56 रन जुड़ गए। 11वें ओवर में शिवम दुबे ने साल्ट को लौटाया तो पडिक्कल ने कप्तान पाटीदार के साथ 21 गेंदों पर ही 58 रन ठोक दिए। इसके साथ ही आरसीबी का रन रेट पारी में पहली बार 10 रन प्रति ओवर के आंकड़े को पार कर गया।

हेनरी पर सिंगल चुराने के साथ सत्र में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा करने के तत्काल बाद पडिक्कल हालांकि जेमी ओवर्टन की गेंद पर ‘रिवर्स स्कूप’ खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए। लेकिन 11 से 15 ओवरों के बीच जुड़े 62 रनों का ही नतीजा था कि आरसीबी का स्कोर 15 ओवरों के बाद 153 रनों तक जा पहुंचा था।

आरसीबी ने अंतिम 5 ओवरों में ठोक दिए 97 रन

इसके बाद टीम ने आखिरी पांच ओवरों में 97 रन ठोक दिए। इस दौरान पाटीदार व टिम डेविड ने विपक्षी गेंदबाजों की ऐसी धुनाई शुरू की कि विपक्षी गेंदबाज लस्त पस्त नजर आए। पाटीदार ने जहां खलील अहमद के चौथे व आखिरी ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़ दिया।

वहीं डेविड ने 17वें ओवर में नूर अहमद को तीन छक्के उड़ा दिए। इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 19वें ओवर में ओवर्टन पर भी चार छक्के जड़े। इस तरह एक मजबूत बल्लेबाजी क्रम के सामने सीएसके की गेंदबाजी की कमजोरियां एक बार फिर उजागर हो गईं।

संजू, गायकवाड़ व म्हात्रे 30 रनों के भीतर लौट चुके थे

इसके बाद कठिन लक्ष्य के सामने चेन्नई की शुरुआत ही बिगड़ गई, जब डफी व भुवी के सामने तीसरे ओवर तक संजू सैमसन (नौ रन, एक छक्का), कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (सात रन, एक छक्का) व आयुष म्हात्रे (एक रन) ने 30 रनों के भीतर लौट गए थे। हालांकि सरफराज ने तेज पचासे से तनिक स्थिति सुधारी तो क्रुणाल ने एक ही ओवर में सरफराज व कार्तिक शर्मा (छह रन) को लौटा दिया।

प्रशांत वीर व ओवर्टन के बीच इकलौती अर्धशतकीय साझेदारी

इसके बाद प्रशांत वीर ने शिवम दुबे (18 रन, 13 गेंद, एक छक्का, दो चौके) संग स्कोर 100 के पार पहुंचाया तो ओवर्टन के साथ सातवें 57 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी की। अंत में अंशुल कम्बोज (नाबाद 19 रन 12 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने दल को 200 के पार पहुंचाया। लेकिन उनकी टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।

सोमवार का मैच : कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम पंजाब किंग्स (कोलकाता, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code