1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. जापान ओपन : लक्ष्य सेन पहले ही दौर में बाहर, आयुष व उन्नति की संघर्षपूर्ण पराजय
जापान ओपन : लक्ष्य सेन पहले ही दौर में बाहर, आयुष व उन्नति की संघर्षपूर्ण पराजय

जापान ओपन : लक्ष्य सेन पहले ही दौर में बाहर, आयुष व उन्नति की संघर्षपूर्ण पराजय

0
Social Share

तोक्यो, 15 जुलाई। जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में बुधवार का दिन युवा भारतीय शटलरों के लिए निराशाजनक रहा। इस क्रम में लक्ष्य सेन जहां सीधे गेम में हार गए वहीं आयुष शेट्टी व उन्नति हुड्डा को संघर्षपूर्ण मुकाबलों में पराजय का सामना करना पड़ा।

आयुष ने वितिदसर्न को दी कड़ी टक्कर

विश्व रैंकिंग में 14वें नंबर पर काबिज आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के उप विजेता लक्ष्य को कोर्ट नंबर एक पर स्थानीय स्पर्धी कोकी वातानाबे ने 38 मिनट में 21-16, 21-14 से हराया। वहीं एशिया चैम्पियनशिप के उपविजेता आयुष ने कोर्ट नंबर दो पर दूसरी वरीयता प्राप्त पूर्व विश्व चैम्पियन थाईलैंड के कुन्लावुत वितिदसर्न को कड़ी टक्कर दी और एक घंटा 22 मिनट तक खिंचे संघर्ष में एक गेम छीनने के बाद 19-21, 25-23, 15-21 से हार मानी।

उन्नति पहला गेम लेने के बाद कायम नहीं रख सकीं लय

उधर कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए दिन के सातवें मैच में विश्व रैंकिंग में 24वें स्थान पर काबिज उन्नति ने चीनी ताइपे की हुआंग यू सुन से पहला गेम जीता, लेकिन फिर वह लय कायम नहीं रख सकीं और 53 मिनट तक खिंचा मुकाबला हुआंग ने  16-21, 21-16, 21-15 से जीत लिया।

वैसे, देखा जाए तो भारत के तीनों खिलाड़ी पहले दौर की बाधा भी पार नहीं कर सके, जो अगले माह दिल्ली में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप से पहले अच्छा संकेत नहीं है। भारत 17 वर्षों बाद इसकी मेजबानी कर रहा है।

सिंधु के अलावा ध्रुव-क्रास्टो की मिश्रित जोड़ी पर टिकीं भारतीय उम्मीदें

अब भारत की उम्मीदें दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु और ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो की मिश्रित टीम पर टिकी हैं। सिंधु का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन की हान युइ से होगा जबकि ध्रुव व तनीषा शीर्ष वरीयता प्राप्त फेंग यान झि व हुआंग डोंग पिंग से खेलेंगे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code