क्रेमलिन ने की पुष्टि – रूसी राष्ट्रपति पुतिन दिसम्बर में भारत दौरा करेंगे, पीएम मोदी के साथ वार्षिक शिखर बैठक होगी
मॉस्को, 2 अक्टूबर। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्षिक शिखर वार्ता के लिए दिसम्बर में भारत आएंगे, जिसकी तैयारियां ‘जोर-शोर से’ जारी हैं। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने गुरुवार ने यह जानकारी दी।
पुतिन ने आखिरी बार 2021 में दिल्ली का दौरा किया था
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने एक साक्षात्कार में कहा, ‘हां, हमने राष्ट्रपति की भारत यात्रा की समय-सीमा तय कर ली है। यात्रा नए वर्ष की शुरुआत से पहले होगी। यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं।’ रूसी राष्ट्रपति ने आखिरी बार 2021 में नई दिल्ली का दौरा किया था।
भारत-रूस के बीच अब तक हो चुकी हैं 22 वार्षिक शिखर बैठकें
भारत और रूस के बीच एक व्यवस्था है, जिसके तहत भारत के प्रधानमंत्री और रूसी राष्ट्रपति संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा के लिए हर वर्ष एक शिखर सम्मलेन आयोजित करते हैं। अब तक भारत और रूस में बारी-बारी से 22 वार्षिक शिखर सम्मेलन हो चुके हैं। पिछले वर्ष जुलाई में पीएम मोदी वार्षिक शिखर वार्ता के लिए मॉस्को गए थे।
पिछले माह SCO बैठक में हुई थी दोनों नेताओं की पिछली मुलाकात
पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की पिछली मुलाकात गत 31 अगस्त व एक सितम्बर को चीनी शहर तियानजिन में शंघाई सहयोग परिषद (SCO) के राष्ट्राध्यक्षों की 25वीं बैठक के दौरान हुई थी। इस सम्मेलन की मेजबानी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने की थी।
