किंग चार्ल्स तृतीय की ताजपोशी, ऐतिहासिक समारोह में ब्रिटेन के महाराज घोषित किये गए

लंदन, 10 सितम्बर। किंग चार्ल्स तृतीय को शनिवार को ‘एक्सेशन काउंसिल’ के एक ऐतिहासिक समारोह में ताजपोशी हो गई और उन्हें औपचारिक रूप से ब्रिटेन का नया महाराज घोषित कर दिया गया। किंग चार्ल्स तृतीय अपनी पत्नी, क्वीन कॉन्सर्ट कैमिला तथा अपने बेटे एवं उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम के साथ समारोह में शरीक हुए।

किंग चार्ल्स की मां एवं महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का बीते गुरुवार को निधन हो जाने के बाद 73 वर्षीय पूर्व प्रिंस ऑफ वेल्स की ताजपोशी की गई है। शनिवार का समारोह लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में ताजपोशी की औपचारिक घोषणा करने और उनके शपथ ग्रहण के लिए आयोजित किया गया।

पहली बार राज्याभिषेक समारोह का टेलीविजन पर प्रसारण

ब्रिटिश इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ, जब राज्याभिषेक समारोह का टेलीविजन पर प्रसारण किया गया। हालांकि, चार्ल्स ने शाही कर्तव्यों का निर्वहन पहले ही शुरू कर दिया था और शुक्रवार को अपनी पहली औपचारिक बैठक के दौरान नव-नियुक्त प्रधानमंत्री लिज ट्रस के साथ महारानी के अंतिम संस्कार पर चर्चा की थी। यह बैठक सम्राट के रूप में राष्ट्र के नाम उनके पहले टेलीविजन संबोधन से ठीक पहले हुई।

प्रिंस विलियम प्रिंस ऑफ वेल्स घोषित

महाराज चार्ल्स ने कल राष्ट्र के नाम अपने पहले संबोधन के दौरान ही अपने बेटे एवं उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम को प्रिंस ऑफ वेल्स और ड्यूक ऑफ कॉर्नवाल भी घोषित किया था। उन्होंने कहा, ‘वेल्स के हमारे नए राजकुमार और नयी राजकुमारी, मुझे पता है कि वे राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन जारी रखेंगे और वंचितों को मुख्यधारा में लाने के लिए उनकी मदद करते रहेंगे।’ उन्होंने अपने छोटे बेटे हैरी और उनकी पत्नी मेगन के लिए भी प्रेम का इजहार किया। हैरी और मेगन विदेश में अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं और इसे शाही हलकों में तनाव की खबर के बीच सुलह की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular