Homeहिन्दीराजनीतिगुजरात में समान नागरिक संहिता को लेकर केजरीवाल बोले - भाजपा की...

गुजरात में समान नागरिक संहिता को लेकर केजरीवाल बोले – भाजपा की नीयत खराब, पूरे देश में क्यों नहीं लागू करती?

भावनगर, 30 अक्टूबर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल  ने समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए गुजरात में समिति गठित करने के कदम पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की मंशा पर रविवार को सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पार्टी ऐसा करना चाहती है तो इसे पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इस दिशा में कदम उठाने के लिए लोकसभा चुनाव का इंतजार कर रही है।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल अपने गुजरात दौरे के तीसरे दिन भावनगर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस साल के अंत में होने वाले 182 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग इस सप्ताह चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है।

गुजरात सरकार ने शनिवार को कहा था कि समान नागरिक संहिता को लागू करने के मकसद से उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक समिति बनाने का फैसला किया गया है। केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने कहा था कि चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले समिति का गठन किया जाएगा।

 

गुजरात सरकार के फैसले पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में केजरीवाल ने कहा, ‘उनकी मंशा खराब है। संविधान के अनुच्छेद-44 में ये साफ-साफ लिखा है कि समान नागरिक संहिता बनाना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार को समान नागरिक संहिता बनानी चाहिए और ये ऐसी बननी चाहिए जिसमें सभी समुदायों की रजामंदी हो।’

उत्तराखंड चुनाव के पहले भी भाजपा ने इसी तरह की समिति बनाई थी

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले भी इसी तरह की समिति बनाई थी। उन्होंने कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड चुनाव जीतने से पहले एक समिति बनाई, जो जीतने के बाद अपने घर चली गई। अब गुजरात के चुनाव से कुछ दिन पहले एक समिति बनाई और इसके सदस्य भी चुनाव के बाद अपने घर चले जाएंगे।’

नीयत साफ है तो समान नागरिक संहिता पूरे देश में क्यों नहीं लागू करते

दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने यह भी कहा कि भाजपा शासित मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में ऐसी कोई समिति क्यों नहीं बनाई गई। उन्होंने पूछा, ‘अगर इनकी (भाजपा) नीयत समान नागरिक संहिता बनाने की है तो यह इसे पूरे देश में क्यों नहीं लागू करते? लोकसभा चुनाव का इंतज़ार कर रहे हैं क्या? तो पहले आप उनसे पूछना कि केजरीवाल कह रहे हैं कि आपको समान नागरिक संहिता लागू करना ही नहीं है, आपकी नीयत खराब है।’

कोली समुदाय के नेता राजू सोलंकी का आम आदमी पार्टी में स्वागत

गुजरात दौरे के तीसरे दिन केजरीवाल ने स्थानीय कोली समुदाय के नेता और सामाजिक कार्यकर्ता राजू सोलंकी का आम आदमी पार्टी में स्वागत किया, जो अपने बेटे बृजराजसिंह सोलंकी के साथ पार्टी में शामिल हुए थे। कोली समुदाय अन्य पिछड़ा वर्ग के तहत आता है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में इस समुदाय के लोगों की पर्याप्त संख्या है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments