दिल्लीवासियों को 25 लाख तिरंगा बांटेगी केजरीवाल सरकार, 14 अगस्त की शाम राष्ट्रगान गाने की अपील

नई दिल्ली, 5 अगस्त। भारत की आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर मनाए जा रहे ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकारें भी इस बार खास कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही हैं। इसी क्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी आजादी के जश्न को धूमधाम से मनाने की घोषणा की है।

अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर कहा, ‘मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले शाम 5 बजे हर भारतवासी अपने हाथ में तिरंगा लेकर राष्ट्रगान गाए। दिल्ली में हम इसके लिए बड़े स्तर पर तिरंगा बांटेंगे। 25 लाख तिरंगे दिल्ली सरकार दिल्ली में लोगों को बांटेगी।’

पूरी दिल्ली 14 अगस्त की शाम 5 बजे एक साथ राष्ट्रगान गाएगी

सीएम केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार स्कूल और गली चौराहों पर लोगों को तिरंगा बांटेगी। उन्होंने कहा, ‘पूरी दिल्ली 14 अगस्त की शाम 5 बजे एक साथ राष्ट्रगान गाएगी। इस दिन हम सभी भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ और नंबर-1 राष्ट्र बनाने का प्रण लेंगे।’

उन्होंने कहा, ‘आजादी की 75वीं सालगिरह पर हमें याद रखना है कि जब तक हर बच्चे को अच्छी शिक्षा नहीं मिलेगी, हर भारतीय को अच्छा इलाज नहीं मिलेगा, हर घर को बिजली नहीं मिलेगी, हर महिला को सुरक्षा नहीं मिलेगी और हर बेरोजगार को रोजगार नहीं मिलेगा तब तक भारत सर्वश्रेष्ठ नहीं बनेगा।’

केंद्र मना रहा है हर घर तिरंगाउत्सव

उल्लेखनीय है कि आजादी के 75वें वर्ष को यादगार बनाने के लिए केंद्र सरकार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चला रही है। इसके तहत मोदी सरकार ने आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर हर घर तिरंगा लहराए जाने की अपील की है। अभियान के जरिए सरकार की योजना है कि भारत के हर घर पर तिरंगा लहराया जाए। सरकार ने 20 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य तय किया है। इस महाअभियान के तहत 13 से 15 अगस्त के बीच जनभागीदारी से देश के प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराया जाएगा। हर भारतवासी में देश प्रेम की भावना जगाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

RELATED ARTICLES

Most Popular