IT व बैंक शेयरों ने लौटाई शेयर बाजार में रौनक, सेंसेक्स 73000 के पार, निफ्टी 359 अंक मजबूत

मुंबई, 13 अक्टूबर। दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ (LTCG) कर को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की टिप्पणी से मिले समर्थन और डॉलर के मुकाबले रुपये में सुधार के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (IT), वित्तीय व दैनिक उपयोग के उपभोक्ता सामान (FMCG) कम्पनियों के शेयरों में लिवाली ने घरेलू शेयर बाजार की रौनक लौटाई और कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को दोनों मानक सूचकांक शानदार तेजी के साथ बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 1,109 अंकों की उछाल मारते हुए जहां 73,000 के स्तर के पार पहुंचा वहीं एनएसई निफ्टी 359 अंकों की मजबूती से 22,700 के पार जाकर रुका।

वित्त मंत्री सीतारमण ने LTCG कर और STT को लेकर दिए सकारात्मक संकेत

उल्लेखनीय है कि वित्त मंत्री सीतारमण ने मंगलवार को कहा कि दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ (LTCG) कर और प्रतिभूति लेनदेन कर (STT) को युक्तिसंगत बनाने को लेकर चर्चा चल रही है। उन्होंने इसे स्वस्थ चर्चा करार देते हुए कहा कि वह इन विचारों को गंभीरता से सुनेंगी। वित्त मंत्री की इस टिप्पणी से प्रमुख कम्पनियों के शेयरों में लिवाली बढ़ी और दोनों सूचकांक दिन के उच्चस्तर के करीब बंद हुए।

रुपया 41 पैसे मजबूत होकर 95.37 प्रति डॉलर पर पहुंचा

वहीं, अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपये में सुधार जारी रहा। मंगलवार को रुपया करीब 41 पैसे मजबूत होकर 95.37 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। रिजर्व बैंक द्वारा डेरिवेटिव बाजार में सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के उपायों की घोषणा के बाद रुपये में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी आई। इन तीन सत्रों में रुपया 1.5 प्रतिशत से अधिक मजबूत हुआ है।

सेंसेक्स 1,109.10 अंक चढ़कर 73,033.78 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,109.10 अंक यानी 1.54 प्रतिशत चढ़कर 73,033.78 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,120.99 अंक उछलकर 73,045.67 अंक तक जा पहुंचा था। सेंसेक्स में यह किसी एकल कारोबारी सत्र की पिछले चार माह के दौरान सबसे बड़ी बढ़त है। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 27 के शेयर उछाल पर रहे तो तीन में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 1.60 प्रतिशत बढ़कर 22,721.95 अंक पर बंद

इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 358.60 अंक यानी 1.60 प्रतिशत बढ़कर 22,721.95 अंक पर बंद हुआ। किसी एकल कारोबारी सत्र यह दो माह से अधिक समय में निफ्टी की सबसे बड़ी छलांग है। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 43 के स्टॉक हरे निशान पर रह तो सात में गिरावट दर्ज की गई।

निवेशकों की पूंजी में 4.15 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी

प्रमुख शेयरों में भारी भरकम लिवाली का ही यह असर था कि निवेशकों की पूंजी एक ही कारोबारी सत्र में लगभग 4.15 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। पिछले कारोबारी सत्र यानी 12 अक्टूबर को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,65,91,974.21 करोड़ था। आज यह बढ़कर ₹4,70,07,567.40 करोड़ पर पहुंच गया। यानी निवेशकों की पूंजी में आज ₹415,593.19 करोड़ की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

एचसीएल टेक्नोलॉजीज सबसे अधिक 8.28 प्रतिशत चढ़ा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर अनुकूल तिमाही नतीजों के बाद सबसे अधिक 8.28 प्रतिशत चढ़ गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का शेयर 6.59 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 4.90 प्रतिशत और इन्फोसिस का भी शेयर 4.44 प्रतिशत चढ़ गया।

इसके अलावा, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, बजाज फिनसर्व, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक भी प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे। हालांकि, कोटक महिंद्रा बैंक, इटर्नल और मारुति के शेयरों में गिरावट रही।

ब्रेंट क्रूड 1.66% गिरकर 104.60 डॉलर प्रति बैरल पर

इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.66 प्रतिशत गिरकर 104.60 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। हालांकि शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,708.48 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular