1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. ईरान ने सीजफायर से हटने की दी चेतावनी, इजराइल पर हमले का आरोप लगाने के साथ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर किया बंद
ईरान ने सीजफायर से हटने की दी चेतावनी, इजराइल पर हमले का आरोप लगाने के साथ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर किया बंद

ईरान ने सीजफायर से हटने की दी चेतावनी, इजराइल पर हमले का आरोप लगाने के साथ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर किया बंद

0
Social Share

तेहरान, 8 अप्रैल। ईरान ने बुधवार को स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी कि इजराइल यदि लेबनान पर हमले जारी रखता है और सीजफायर का उल्लंघन करता है, तो वह इस समझौते से बाहर हो जाएगा। Tasnim न्यूज एजेंसी के अनुसार इजराइली हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से तेल टैंकरों की आवाजाही भी रोक दी है। हालांकि इससे पहले अमेरिका की मध्यस्थता वाले सीजफायर के बाद दो टैंकर सुरक्षित गुजर चुके थे।

ईरानी मीडिया और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, लेबनान पर इजरायल की बमबारी को लेकर ईरान का सख्त रुख है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान सीजफायर से हटने और जवाबी काररवाई के लिए तैयार है। Tasnim ने एक सूत्र के हवाले से कहा कि यदि हमले नहीं रुके, तो ईरान समझौता खत्म कर देगा।

इजराइल पर भरोसा नहीं : ईरान

वहीं ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने टेलीग्राम पर बयान जारी कर कहा कि लेबनान में हुए हमलों और सीजफायर उल्लंघन के लिए इजराइल को सजा दी जाएगी। अल जजीरा के अनुसार एक ईरानी अधिकारी ने कहा कि सीजफायर पूरे क्षेत्र पर लागू होता है, जिसमें लेबनान भी शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि इजराइल अक्सर अपने वादे तोड़ता है और उसे सिर्फ सख्ती से ही रोका जा सकता है।

पाकिस्तान बोला – सीजफायर हर जगह लागू होता है

इसी क्रम में अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर होने का एलान करने वाले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि सीजफायर हर जगह लागू होता है, जिसमें लेबनान भी शामिल है। शरीफ ने यह भी बताया कि पाकिस्तान इस हफ्ते अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी करेगा, जहां आगे बातचीत हो सकती है।

शहबाज शरीफ ने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर के उल्लंघन की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने सभी देशों से अपील की कि इस समझौते का सम्मान किया जाए, ताकि हालात और न बिगड़ें।

इजराइल का अलग रुख – लेबनान इस सीजफायर का हिस्सा नहीं

वहीं इजराइल का कहना है कि लेबनान इस सीजफायर का हिस्सा नहीं है। इसी कड़ी में इजराइली सेना ने दावा किया कि उसने बुधवार को लेबनान में अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है।

उधर दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इजराइल को सीजफायर उल्लंघन के लिए जिम्मेदार ठहराया। पोस्ट में अमेरिका पर भी तीखा हमला किया गया। इसमें लिखा गया, ‘ट्रंप, यदि आप इजराइल जैसे ‘बेकाबू कुत्ते’ को नहीं रोक सकते, तो क्या हम आपके लिए इन्हें पट्टा पहनाएं?’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code