AHF जूनियर एशिया कप : भारतीय महिलाएं भी फाइनल में, कोरिया पर 5-1 की जीत में सुप्रिया की हैट्रिक

मोकी (चीन), 12 सितम्बर। पुरुष समकक्षों के बाद गत चैम्पियन भारतीय महिला टीम ने भी AHF जूनियर एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली, जब उसने शनिवार को यहां खेले गए सेमीफाइनल में ड्रैग फ्लिकर सुप्रिया की हैट्रिक की मदद से दक्षिण कोरिया को 5-1 से शिकस्त दे दी।

गत चैम्पियनों की अब मेजबान चीन से होगी खिताबी मुलाकात

हुलुनबुइर स्थित मोकी ट्रेनिंग बेस के टर्फ पर खेले गए एकतरफा मुकाबले में सुप्रिया ने अपने तीनों गोल (17वां, 33वां व 56वां मिनट) पेनाल्टी कॉर्नर पर किए और भारत की बेहतरीन जीत में अहम भूमिका निभाई। भारत का सामना अब मेजबान चीन से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में जापान पर 6-0 की एकतरफा जीत हासिल की।

मुकाबले की बात करें तो भारत और दक्षिण कोरिया, दोनों टीमों ने संभलकर शुरुआत की। लेकिन भारत ने 13वें मिनट में खाता खोला जब मधु सिदर ने शानदार फील्ड गोल पर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने कोरियाई गोल पर लगातार हमले बोले और 17वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर सुप्रिया ने अपना पहला गोल किया।

भारत ने गेंद पर नियंत्रण के मामले में दबदबा बनाए रखा। इस क्रम में 21वें मिनट में कोरियाई गोल के 23 मीटर के भीतर हवा में आई गेंद को भारतीय विंगर ने लपका और सर्कल के भीतर शानदार क्रॉस दिया। इसे सुखवीर ने गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया। इसके बाद 33वें मिनट में शॉर्ट कॉर्नर पर सुप्रिया की निशाना फिर सटीक बैठा।

दक्षिण कोरिया के लिये यूरी जियोंग ने 41वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 1-4 किया। वहीं खेल समाप्ति से चार मिनट पूर्व सुप्रिया ने पेनाल्टी कॉर्नर पर हैट्रिक जमाने के साथ भारत की एकतरफा जीत पर अंतिम मुहर लगाई।

अब तक शानदार रहा है भारत का प्रदर्शन

देखा जाए तो टूर्नामेंट में अब तक अजेय रहे भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। उसने अपने पिछले मुकाबले में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देते हुए सेमीफाइनल में एंट्री की थी। इससे पहले मेजबान चीन के खिलाफ भारतीय टीम ने गोलरहित ड्रॉ खेला था जबकि जापान को 7-0, मलेशिया को 11-1 और दक्षिण कोरिया को 4-1 से शिकस्त दी थी।

छठे खिताब के लिए भारतीय पुरुष आज कोरिया से भिड़ेंगे

प्रतियोगिता में दोनों वर्गों के फाइनल रविवार को खेले जाएंगे। भारत व चीन की महिला टीमों की खिताबी मुलाकात भारतीय समयानुसार मध्याह्न 12 बजे शुरू होगा तो लगातार चौथी बार व कुल छठी बार खिताब जीतने के लिए तत्पर भारतीय पुरुष अपराह्न 4.15 बजे दक्षिण कोरिया के खिलाफ उतरेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular