1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. डेविस कप : भारत ने क्वालीफायर्स का पहला दौर जीता, नीदरलैंड्स पर 3-2 की स्तब्धकारी जीत के हीरो बने दक्षिणेश्वर सुरेश
डेविस कप : भारत ने क्वालीफायर्स का पहला दौर जीता, नीदरलैंड्स पर 3-2 की स्तब्धकारी जीत के हीरो बने दक्षिणेश्वर सुरेश

डेविस कप : भारत ने क्वालीफायर्स का पहला दौर जीता, नीदरलैंड्स पर 3-2 की स्तब्धकारी जीत के हीरो बने दक्षिणेश्वर सुरेश

0
Social Share

बेंगलुरु, 8 फरवरी। दक्षिणेश्वर सुरेश ने रविवार को यहां यादगार प्रदर्शन करते हुए पांचवां व निर्णायक मुकाबला अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत ने डेविस कप क्वालीफायर्स के पहले दौर में 2024 के उपजेता व विश्व नंबर छह नीदरलैंड्स पर 3-2 की स्तब्धकारी जीत हासिल कर ली और अंतिम 16 में प्रवेश कर लिया।

दोनों एकल के अलावा सुरेश ने भांबरी संग युगल रबर भी जीता

सिर्फ दूसरी बार डेविस कप खेल रहे 25 वर्षीय दक्षिणेश्वर ने दोनों एकल मुकाबले और युकी भांबरी के साथ युगल मुकाबला जीता, जिससे लिएंडर पेस के 2004 में जापान के खिलाफ किए गए चमत्कारिक प्रदर्शन की यादें ताजा हो गईं। पेस ने उस समय दोनों एकल और एक युगल मैच जीतकर अकेले दम पर भारत को जीत दिलाई थी।

दक्षिणेश्वर ने 22 वर्ष पूर्व लिएंडर पेस के अविस्मरणीय प्रदर्शन की यादें ताजा कर दीं

पेस के अविस्मरणीय प्रदर्शन के 22 वर्ष बाद विश्व रैंकिंग में 465वें स्थान पर काबिज दक्षिणेश्वर ने उसी तरह का यादगार प्रदर्शन करते हुए पांचवें व अंतिम मैच यानी दूसरे उलट एकल में गाय डि ओडेन को 6-4, 7-6 से हराया। मुकाबला जीतते ही दक्षिणेश्वर पीठ के बल लेट गए और सारे साथी खिलाड़ी उन्हें गले लगाने दौड़ पड़े। भारतीय टीम ने उन्हें कंधे पर उठा लिया। सच पूछें तो तीन घंटे तक चले बराबरी के मुकाबले में एन श्रीराम बालाजी की जगह दक्षिणेश्वर को उतारने का भारतीय कप्तान रोहित राजपाल का फैसला सटीक साबित हुआ।

नए प्रारूप की शुरुआत के बाद भारत पहली बार क्वालीफायर्स के दूसरे दौर में

नीदरलैंड्स टीम अपने दो शीर्ष एकल खिलाड़ियों टालोन ग्रीकस्पूर (विश्व रैंकिंग 29) और बोटिच वान डे जैंडशल्प (विश्व रैंकिंग 67) के बिना उतरी थी। वहीं भारत ने 2019 में डेविस कप का नया प्रारूप शुरू होने के बाद से पहली बार क्वालीफायर्स के दूसरे दौर में जगह बनाई है।

दूसरे दौर में भारत का कोरिया से होगा सामना

पिछले वर्ष स्विट्जरलैंड को उसकी धरती पर हरा चुके विश्व नंबर 33 भारत का सामना अब कोरिया से उसके घर में 18-19 सितम्बर को होगा। विश्व नंबर 22 कोरियाई टीम ने भी जबर्दस्त उलटफेर किया और घरेलू कोर्ट पर विश्व नंबर 10 अर्जेंटीना को स्तब्ध किया।

भांबरी व सुरेश ने तीन सेटों में जीता युगल रबर

दोनों टीमों के लिए दूसरा दिन अहम था क्योंकि पहले दिन स्कोर 1-1 से बराबरी पर छूटा था। दिन के पहले मैच यानी युगल रबर में युकी भांबरी और दक्षिणेश्वर सुरेश ने मैराथन मुकाबला जीता। भारतीय जोड़ी ने डेविड पेल और सैंडर एरेंड्स को 7-6, 3-6, 7-6 से हराकर भारत को 2-1 से बढ़त दिला दी थी।

नागल को पहले उलट एकल में हार का सामना करना पड़ा

लेकिन उलट एकल में सुमित नागल के हारने के बाद पांचवां मैच निर्णायक हो गया था। नागल एक सेट जीतने के बाद दुनिया के 88वें नंबर के खिलाड़ी जेस्पर डि जोंग से करीब तीन घंटे तक मुकाबला 7-5, 1-6, 4-6 से हार गए। खैर, दक्षिणेश्वर सुरेश ने अंतिम उलट एकल जीतकर भारत की बांछें खिला दीं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code