1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. भारत ने PoK में चुनाव को दिखावा करार दिया, कहा- पाखंडपूर्ण मुखौटे के पार देखना जरूरी
भारत ने PoK में चुनाव को दिखावा करार दिया, कहा- पाखंडपूर्ण मुखौटे के पार देखना जरूरी

भारत ने PoK में चुनाव को दिखावा करार दिया, कहा- पाखंडपूर्ण मुखौटे के पार देखना जरूरी

0
Social Share

नई दिल्ली, 4 अगस्त। भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हो रहे ‘तथाकथित चुनावों’ को दिखावा करार देने के साथ वैश्विक संगठनों से अपील की है कि आम नागरिकों पर हो रही ज्यादती के खिलाफ कदम उठाएं।

विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, ‘पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में यह तथाकथित स्थानीय चुनाव पूरी तरह से दिखावा है। वास्तिवक स्थिति वहां हो रहे जन प्रदर्शन और पाकिस्तानी बलों द्वारा की जा रही निर्मम हत्याओं की है। ऐसे खोखले दावे वास्तविकता से अलग हैं।’

जून से अब तक 90 लोगों की मौत

पीओके में प्रदर्शन को दबाने के लिए पाकिस्तान की दमनकारी नीतियों के परिणाम को रेखांकित करते हुए जायसवाल ने कहा, ‘वहां जो जन प्रदर्शन चल रहा है, उसमें जून से अब तक 90 लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। वहां की सत्ता व्यवस्था ने जनता के असंतोष का जवाब गोली, संचार बंदी, दमन और धमकी से दिया है।’

विश्व समुदाय से पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराने की अपील

उन्होंने वैश्विक समुदाय से पाकिस्तान का पाखंड से भरा चेहरा साफ देखने की अपील की। आगे कहा, ‘पाकिस्तान अब खोखले चुनावी अभ्यास ये वैधता का भ्रम पैदा कर रहा है। इसके लिए उसे जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। विश्व समुदाय को मानवाधिकार पर पाकिस्तान के पाखंडपूर्ण उपदेशों के मुखौटे के पार वास्तविकता को देखना चाहिए।’

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की फायरिंग और दमनकारी काररवाई की दुनियाभर में चर्चा है। जम्मू और कश्मीर ज्वॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKJAC) की अगुआई में विरोध प्रदर्शन पांच जून को शुरू हुए थे।

सीमा पार आतंकवाद पर भी सख्त संदेश

वहीं पाकिस्तान की सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों को लेकर पूछे गए सवाल पर जायसवाल ने कहा, “सभी ने देखा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में हमने उन्हें कैसा जवाब दिया था। हम तो सभी देशों से क्रॉस-बॉर्डर टेररिज्म और इसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की अपील करते हैं। हम पाकिस्तान से भी सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ सख्त एक्शन लेने और अपनी धरती से चल रहे आतंकी ठिकानों को खत्म करने की अपील करते हैं।”

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code