1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. अंडर-18 एशिया कप हॉकी : पुरुष वर्ग में पाकिस्तान को हरा भारत फाइनल में, महिलाएं पेनाल्टी शूटआउट में चीन से हारीं
अंडर-18 एशिया कप हॉकी : पुरुष वर्ग में पाकिस्तान को हरा भारत फाइनल में, महिलाएं पेनाल्टी शूटआउट में चीन से हारीं

अंडर-18 एशिया कप हॉकी : पुरुष वर्ग में पाकिस्तान को हरा भारत फाइनल में, महिलाएं पेनाल्टी शूटआउट में चीन से हारीं

0
Social Share

काकामिगाहारा, 5 जून। अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्मामेंट में शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल में मुकाबलों में भारतीय टीमों का मिश्रित भाग्य रहा। इस क्रम में भारतीय पुरुष टीम ने जहां पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। वहीं महिलाओं ने कड़े संघर्ष में शक्तिशाली चीन को निर्धारित समय तक 2-2 की बराबरी पर रोका, लेकिन पेनाल्टी शूटआउट में उन्हें 1-3 से पराजय झेलनी पड़ी।

आखिरी क्वार्टर में 2-3 से पिछड़ी हुई थी प्रहलाद की टीम

कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज हॉकी स्टेडियम खेले गए सेमीफाइनल में प्रहलाद राजभर की अगुआई वाली भारतीय पुरुष टीम आखिरी क्वार्टर तक 2-3 से पीछे चल रही थी, लेकिन मैच के आखिरी मिनटों में अटैकिंग खेल दिखाते हुए तीन गोल मारे और पाकिस्तान को मायूस कर दिया। मैच में भारतीयों के वर्चस्व का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि उन्होंने पाकिस्तान के तीन के मुकाबले नौ पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए। हालांकि उनमें गोल तीन पर ही किए जा सके।

भारत के लिए फॉरवर्ड आशीष ने ठोके चार गोल

भारत की जीत में फॉरवर्ड आशीष तानी पूर्ति की अहम भूमिका रही, जिन्होंने सर्वाधिक चार गोल किए। उन्होंने 12वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक पर खाता खोला और फिर 49वें, 53वें व 56वें मिनट में शॉर्ट कॉर्नर भुनाए। आशीष के अलावा शाहरुख अली ने तीसरा क्वार्टर शुरू होते ही 35वें मिनट में जमीनी गोल किया। वहीं पाकिस्तान के लिए अदील (27वां मिनट) व मुहम्मद फरहान असलम (37वां मिनट) के बाद उजैर अहमद कुरेशी ने 42वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किया।

फाइनल में जापान से होगी मुलाकात

भारतीय टीम का शनिवार को फाइनल में मेजबान जापान से सामना होगा, जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में मलेशिया को 8-1 से रौंदकर रख दिया। फाइनल से पहले पाकिस्तान व मलेशिया की टीमें कांस्य पदक के निर्धारण के लिए मैच खेलेंगी।

महिला वर्ग में चीन के खिलाफ नौशीन व किरण ने गोल किए

भारत बनाम चीन महिला सेमीफाइनल की बात करें तो स्वीटी कुजूर की टीम ने तीसरे ही मिनट में नौशीन नाज के जमीनी गोल से बढ़त हासिल कर ली थी। लेकिन जेयान ली ने 24वें मिनट में गोल कर मध्यांतर पूर्व चीन को 1-1 की बराबरी दिला दी। इसके बाद दोनों टीमों ने कई शॉर्ट कॉर्नर जाया किए। इनमें भारत के छह और चीन के पांच पेनाल्टी कॉर्नर शॉट बेकार गए। हालांकि युझेंग झांग ने 48वें मिनट में शॉर्ट कॉर्नर पर ही चीन को आगे किया तो छह मिनट बाद किरण एक्का ने पेनाल्टी कॉर्नर पर ही गोल कर भारत को बराबरी दिला दी।

पेनाल्टी शूटआउट में भारत की ओर से सिर्फ संदीपा लक्ष्य भेद सकीं

फिलहाल पेनाल्टी शूटआउट में भारतीय खिलाड़ियों के निशाने सटीक नहीं लगे। सिर्फ संदीपा कुमारी गोल कर सकीं जबकि किरण, प्रियंका मिंज व नौशीन के निशाने लक्ष्य नहीं भेद सके। उधर चीन के लिए जियाशिन गुओ, चेन जी व टोंग टोंग लु ने गोल किए।

भारत की अब कांस्य पदक के लिए कोरिया से मुलकात होगी

चीनी महिलाएं शनिवार को फाइनल में मेजबान जापान से भिड़ेंगी, जिसने कोरिया को 1-0 से हराया। फाइनल से पहले कोरिया व भारत के बीच कांस्य पदक की लड़ाई होगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code