ICC महिला टी20 विश्व कप : भारत की शानदार शुरुआत, पहले मैच में पाकिस्तान को 64 रनों से दी शिकस्त

बर्मिंघम, 14 जून। ओपनर स्मृति मंधाना की दमदार अर्धशतकीय पारी (68 रन, 44 गेंद, दो छक्के, नौ चौके) के बाद स्पिनरद्य दीप्ति शर्मा (5-10) व श्री चरणी (3-21) ने मारक गेंदबाजी से पाकिस्तानी बल्लेबाजी ध्वस्त कर दी। नतीजा यह हुआ कि भारत ने रविवार को यहां चिर प्रतिद्वंद्वियों पर 64 रनों की बड़ी जीत से ICC महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप एक में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

दीप्ति व श्री चरणी ने ध्वस्त की पाकिस्तानी बल्लेबाजी

एजबेस्टन ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 2-18 की खराब शुरुआत के बाद  उप  कप्तान स्मृति व कप्तान हरमनप्रीत कौर (36 रन, 35 गेंद, चार चौके) की बहुमूल्य अर्धशतकीय भागीदारी के बाद ऋचा घोष (34 रन, 17 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) के प्रहार से छह विकेट पर 170 रन बनाए। जवाब में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ ऑफ स्पिनर दीप्ति व वामहस्त स्पिनर श्री चरणी के सामने पाकिस्तानी पारी 17 ओवरों में 106 रनों पर ही बिखर गई।

31 रनों के भीतर पाकिस्तान की अंतिम 7 बल्लेबाज लौटीं

चुनौतीपूर्ण स्कोर का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की ओपनर मुनीबा अली (41 रन, 35 गेंद, पांच चौके) अंत में सर्वोच्च स्कोरर साबित हुईं, जो 11वें ओवर में 75 के योग पर रन आउट होकर लौटीं। फिलहाल चौथे बल्लेबाज के रूप में मुनीबा के लौटते ही लाइन लग गई और 31 रनों के भीतर अंतिम सात विकेट गिर गए।

दीप्ति ने 17वें ओवर में 3 विकेट लेकर बनाया नया रिकॉर्ड

मुनीबा के अलावा आलिया रियाज (18 रन, 17 गेंद, एक चौका), गुल फीरोजा (12 रन, नौ गेंद, दो चौके) व आयशा जफर (12 रन, आठ गेंद, दो चौके) ही दहाई की संख्या में पहुंच सकीं। वहीं दीप्ति ने 17वें ओवर में आलिया सहित तीन बल्लेबाजों को लौटाकर पाकिस्तानी पारी बंद की। इसके साथ ही महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग (165) को पीछे छोड़ सर्वाधिक 166 विकेट लेने वाली गेंदबाजी बन गईं।

मंधाना व हरमनप्रीत ने 64 गेंदों पर ठोक दिए 91 रन

इसके पूर्व भारतीय पारी में शेफाली वर्मा (आठ रन) व जेमिमा रॉड्रिग्स (एक रन) जल्द लौट गईं। लेकिन स्मृति व हरमनप्रीत ने 64 गेंदों पर 91 रनों की तेज भागीदारी से दल को पटरी पर लौटा दिया। भाग्यशाली अर्धशतक जड़ने वालीं मंधाना को, जिन्हें दो जीवनदान मिले, 14वें ओवर में रमीन शमीम ने आउट किया।

स्कोर कार्ड

उसके बाद भारती फुलमाली (एक रन) व हरमनप्रीत भी लगातार ओवरों में सादिया इकबाल (2-41) व फातिमा सना (2-33) की शिकार बन गईं (5-123)। लेकिन ऋचा घोष ने तेज हाथ दिखाते हुए दीप्ति शर्मा (नाबाद 12 रन, नौ गेंद ,एक चौका) संग 21 गेंदों पर 45 रन जोड़कर दल को चुनौतीपूर्ण स्कोर प्रदान किया।

भारत की अब 17 जून को नीदरलैंड्स से होगी मुलाकात

भारत व पाकिस्तान के ग्रुप में सर्वाधिक छह बार के पूर्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नीदरलैंड्स व दक्षिण अफ्रीका को रखा गया है। भारत की अगली मुलाकात नीदरलैंड्स से 17 जून को लीड्स में होगी। ग्रुप दो में गत चैम्पियन न्यूजीलैंड, मेजबान इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज, आयरलैंड व श्रीलंकाई टीमें हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular