डेविस कप : भारत 1-3 से परास्त, कोरिया ने पहली बार क्वार्टर फाइनल में प्रवेश के साथ रचा इतिहास

सियोल, 19 सितम्बर। मेजबान कोरिया ने यहां ओलम्पिक टेनिस कोर्ट पर डेविस कप क्वालीफायर्स के दूसरे राउंड में दूसरे व अंतिम दिन शनिवार को भी एकल रबर में श्रेष्ठता प्रदर्शित की और भारत को 3-1 से हराकर पहली बार नॉकआउट क्वार्टर फाइनल में प्रवेश के साथ ही इतिहास रच दिया।

सुरेश व एन श्रीराम बालाजी ने उम्मीदें जगाईं, लेकिन सुमित नागल हारे

क्वालीफायर्स के पहले दिन 0-2 से पिछड़े भारत की 1996 के बाद से पहली बार क्वार्टर फाइनल में प्रवेश की उम्मीदें आज तनिक जगीं, जब युगल रबर में दक्षिणेश्वर सुरेश व एन श्रीराम बालाजी ने उई-सुंग पार्क व जी-सुंग नाम को 6-3, 3-6, 6-3 से हरा दिया (1-2)। लेकिन पहले उलट एकल में एटीपी रैंकिंग में 247वें नंबर के सुमित नागल की कोरिया के नंबर एक खिलाड़ी सूनवू क्वोन के हाथों 1-6, 2-6 से हार के साथ ही मेजबान टीम ने 3-1 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली।

कप्तान जोंग-सैम चुंग की अगुआई में कोरिया ने तीनों एकल जीते

दरअसल, कप्तान जोंग-सैम चुंग की अगुआई में कोरियाई खिलाड़ियों ने एकल रबर अपने नाम किए। शुक्रवार को सूनवू क्वोन और ह्योन चुंग ने शानदार वापसी की और फिर दूसरे दिन दोपहर में पहले उलट एकल में 157वीं रैंकिंग के क्वोन ने थके हुए नागल को सिर्फ 68 मिनट में आसानी से हरा दिया, जो पूरे मैच के दौरान संघर्ष करते रहे। नागल का का रिटर्न शॉट जैसे ही बाहर गया, सूनवू जीत की खुशी में कोर्ट पर ही गिर पड़े और उनके साथी खिलाड़ी तत्काल उनसे लिपट गए।

नए प्रारूप के तहत नॉकआउट चरण का टिकट पाने वाला पहला एशियाई देश 

कोरिया की इस जीत ने उसे डेविस कप के प्रारूप में बदलाव के बाद नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली एशियाई टीम बना दिया। वहीं वर्ष की शुरुआत में नीदरलैंड्स को हराने के बाद भारतीय टीम अंतिम आठ में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ सियोल पहुंची थी, लेकिन उसका सपना पूरा नहीं हो पाया।

भारत को अब क्वालीफाइंग राउंड एक में खेलना होगा

भारत को अब क्वालीफाइंग राउंड एक में खेलना होगा। यह मैच कप्तान रोहित राजपाल का डेविस कप में आखिरी मैच भी हो सकता है, जिनका अनुबंध दिसंबर 2026 तक है। अब तक अनुबंध विस्तार की घोषणा भी नहीं की गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular