वॉशिंगटन, 19 सितम्बर। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीन मीडिया संगठनों – CNN, MS NOW और Politico को ह्वाइट हाउस में कवरेज से प्रतिबंधित कर दिया है। ट्रंप ने उन पर ‘फेक न्यूज’ छापने और उनके प्रशासन को नकारात्मक दिखाने का आरोप लगाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तीनों मीडिया संगठनों को तत्काल प्रभाव से ह्वाइट हाउस में प्रवेश से रोक दिया गया है।
ट्रंप ने इन प्रतिबंधों का बचाव करते हुए कहा है कि ये मीडिया संगठन ऐसी खबरें दिखा रहे थे, जिन्हें उन्होंने बेईमान और एकतरफा बताया। उन्होंने यह आरोप भी लगाया है कि ये संगठन जान बूझकर उनके रिपब्लिकन प्रशासन को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
WHCA ने ट्रंप के फैसले की निंदा की
इस बीच ह्वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन (WHCA) ने CNN, MS NOW और Politico को ह्वाइट हाउस से प्रतिबंधित करने के डोनाल्ड ट्रंप के फैसले की निंदा की है। WHCA की अध्यक्ष जैकी हेनरिक ने कहा कि यह कदम ‘प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध’ है।
यह कदम ‘प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध‘ – जैकी हेनरिक
हेनरिक ने एक बयान में कहा, “राष्ट्रपति ने ओवल ऑफिस में स्पष्ट रूप से यह बात कही और अपने इस कदम को ‘स्वतंत्र प्रेस पर प्रतिबंध’ के रूप में वर्णित किया।” हेनरिक ने कहा, ‘संविधान सरकार के हस्तक्षेप से प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करता है। वह संरक्षण इस बात पर निर्भर नहीं करता कि राष्ट्रपति को किसी मीडिया संगठन की कवरेज पसंद है या नहीं, वे उसकी रिपोर्टिंग से सहमत हैं या नहीं, या उसके पत्रकारों द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों को स्वीकार करते हैं या नहीं।’
WHCA अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यह मुद्दा पत्रकारों तक ही सीमित नहीं है बल्कि यह अमेरिकी सरकार के कामकाज के बारे में जानकारी तक आम लोगों की पहुंच से जुड़ा है। उन्होंने कहा, ‘यह पत्रकारों के अधिकारों से कहीं ज्यादा है। यह अमेरिकी लोगों के अधिकार के बारे में है कि उन्हें देश के सबसे बड़े पद पर बैठे किसी भी व्यक्ति की गतिविधियों, नीतियों और फैसलों की पूर्ण और स्वतंत्र जानकारी मिले।’
WHCA ने तीनों संगठनों के प्रति अपना समर्थन भी जताया
हेनरिक ने तीनों संगठनों के लिए काम करने वाले पत्रकारों के प्रति अपने समर्थन भी जताया। उन्होंने कहा, ‘CNN, MS NOW और पोलिटिको में हमारे साथियों के साथ WHCA खड़ा है, जिन्हें उनके काम करने की वजह से निशाना बनाया जा रहा है।’
दरअसल, WHCA एक स्वतंत्र संगठन है, जो ह्वाइट हाउस के संवाददाताओं का प्रतिनिधित्व करता है और इसका कहना है कि इसके मिशन में यह सुनिश्चित करना शामिल है कि प्रेस सरकारी नियंत्रण के बिना स्वतंत्र रूप से राष्ट्रपति पर रिपोर्ट कर सके। फॉक्स न्यूज की वरिष्ठ ह्वाइट हाउस संवाददाता हेनरिक इस एसोसिएशन की अध्यक्ष हैं।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) पर पहले ही रोक लगा चुके हैं ट्रंप
खैर, ताजा विवाद ट्रंप प्रशासन और प्रमुख अमेरिकी मीडिया संगठनों के बीच राष्ट्रपति से जुड़े कार्यक्रमों और ह्वाइट हाउस की प्रेस कवरेज तक पहुंच को लेकर चल रहे तनाव को और बढ़ाता है। ट्रंप पहले ही एसोसिएटेड प्रेस (AP) पर रोक लगा चुके हैं क्योंकि न्यूज एजेंसी की कवरेज में प्रशासन के पसंदीदा ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ शब्द के बजाय ‘गल्फ ऑफ मेक्सिको’ शब्द का लगातार इस्तेमाल किया गया था।


