1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत ने अरुणाचल मुद्दे पर चीन को दी खुली चेतावनी, पाकिस्तान को भी धो डाला
भारत ने अरुणाचल मुद्दे पर चीन को दी खुली चेतावनी, पाकिस्तान को भी धो डाला

भारत ने अरुणाचल मुद्दे पर चीन को दी खुली चेतावनी, पाकिस्तान को भी धो डाला

0
Social Share

नई दिल्ली, 26 नवम्बर। भारत ने चीन और पाकिस्तान की हरकतों पर उन्हें खरी-खोटी सुनाई है। इस क्रम में विदेश मंत्रालय ने अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावों को कूड़ेदान में डाल दिया जबकि राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराये जाने को लेकर पाकिस्तान की टिप्पणी हिकारत के साथ खारिज कर दी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को आहूत प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों मसलों पर भारत का रुख साफ किया। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि भारत अपनी संप्रभुता से समझौता नहीं करेगा। दुश्मनों के प्रोपेगेंडा का मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। यह बयान बताता है कि नया भारत चुप बैठने वाला नहीं है।

चीन को दो टूक : अरुणाचल भारत का था और रहेगा

उल्लेखनीय है कि चीन अक्सर अरुणाचल प्रदेश को लेकर फर्जी दावे करता रहता है। हाल ही में अरुणाचल में जन्मी महिला को एयरपोर्ट पर डिटेन कर लिया गया था। इस मसले पर विदेश मंत्रालय ने साफ कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है। रणधीर जायसवाल ने कहा कि चीन को इस सच्चाई का ज्ञान होना चाहिए। चीन के इनकार करने या झूठ बोलने से वास्तविकता नहीं बदल जाएगी। सच वही रहेगा, जो जमीन पर है। भारत ने चीन के सामने एक और गंभीर मुद्दा उठाया है। दिल्ली और बीजिंग में महिला दुर्व्यवहार के मामलों को लेकर सख्त बात कही गई है। भारत ने चीन को बता दिया है कि वह अपनी हद में रहे।

पाकिस्तान को सलाह – वह खोखले उपदेश न दे

वहीं पाकिस्तान ने राम मंदिर को लेकर एक बयान जारी किया था। भारत ने इस बयान को ‘अवमानना’ के साथ खारिज कर दिया है। जायसवाल ने पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए कहा कि पाकिस्तान का रिकॉर्ड बेहद दागदार है। वहां अल्पसंख्यकों पर जुल्म होते हैं। वहां कट्टरता और दमन का राज है। ऐसे देश को दूसरों को लेक्चर देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भारत ने पाकिस्तान को सलाह दी है कि वह खोखले उपदेश न दे। उसे अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। पाकिस्तान को अपने खराब मानवाधिकार रिकॉर्ड पर शर्म आनी चाहिए।

बांग्लादेश के हालात पर भी नजर

भारत ने बांग्लादेश के हालात पर भी नजर बनाए रखी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘वहां से आए अनुरोधों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत देखा जा रहा है। बांग्लादेश के लोगों के हितों के लिए भारत प्रतिबद्ध है। हम वहां शांति और लोकतंत्र चाहते हैं। इसके लिए सभी पक्षों से बातचीत जारी रहेगी।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे की तैयारी जारी

वहीं रूस के साथ भी रिश्ते मजबूत हो रहे हैं। रणधीर जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे की तैयारी चल रही है। सालाना बैठक की तारीख जल्द बताई जाएगी। यह दौरा दोनों देशों के लिए अहम होगा।

इजराइली पीएम के दौरे पर सफाई

इस बीच मीडिया में खबरें थीं कि इजराइल के पीएम का दौरा स्थगित हो गया है। विदेश मंत्रालय ने इन खबरों को खारिज किया है। प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि जब दौरे की घोषणा ही नहीं हुई तो वह स्थगित कैसे हो सकता है। किसी भी विदेशी दौरे की आधिकारिक घोषणा होती है। उससे पहले कयास लगाना गलत है। यह बयान उन अफवाहों पर विराम लगाता है, जो मीडिया में चल रही थीं। भारत की कूटनीति हर मोर्चे पर सक्रिय और स्पष्ट है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code