1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. हुरुन इंडिया रिच लिस्ट की रिपोर्ट : भारत में अरबपतियों की बाढ़, 2025 में हर हफ्ते जुड़ा नया नाम
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट की रिपोर्ट : भारत में अरबपतियों की बाढ़, 2025 में हर हफ्ते जुड़ा नया नाम

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट की रिपोर्ट : भारत में अरबपतियों की बाढ़, 2025 में हर हफ्ते जुड़ा नया नाम

0
Social Share

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर। भारत में अरबपति लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और इस वर्ष अब तक हर हफ्ते एक नया बिलेनियर देश को मिला है। एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 की बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी गई।

भारत में संप्रति 350 अरबपति, जो 13 वर्षों में छह गुना बढ़े

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के अनुसार भारत में अब 350 अरबपति हैं, जो पहली बार 13 वर्ष पहले जारी की सूची की तुलना में छह गुना अधिक है। हुरुन लिस्ट के 14वें संस्करण में 1,687 ऐसे कारोबारियों के नाम शामिल हैं, जिनकी संपत्ति 1,000 करोड़ रुपये से अधिक है।

1,687 ऐसे कारोबारी, जिनकी संपत्ति 1,000 करोड़ से ज्यादा

इस लिस्ट में 284 नए लोगों को शामिल किया गया है, जिससे पिछले वर्ष के मुकाबले इस सूची में मौजूद कारोबारियों की संख्या में 148 का इजाफा हुआ है। वहीं, बीते पांच वर्षों में यह संख्या 859 बढ़ी है।

सूचीबद्ध लोगों की संपत्ति 167 लाख करोड़ रुपये, जो भारत की GDP की लगभग आधी

रिपोर्ट में बताया गया कि इस सूची में अरबपति लोगों की संयुक्त संपत्ति बढ़कर 167 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले पांच प्रतिशत अधिक है। यह आंकड़ा भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का लगभग आधा है।

वैश्विक तनाव के चलते अरबपतियों की औसत संपत्ति 10,320 करोड़ से घटकर 9,850 करोड़ रुपये हुई

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वैश्विक उतार-चढ़ाव और तनाव के कारण लिस्ट में शामिल लोगों की औसत संपत्ति गिरकर 9,850 करोड़ रुपये रह गई है, जो कि पिछले वर्ष 10,320 करोड़ रुपये थी। भारत के शीर्ष 10 सबसे अमीर लोग और भी अधिक अमीर और युवा होते जा रहे हैं। शीर्ष 10 अमीरों की सूची में प्रवेश के लिए सीमा पिछले वर्ष के 1.63 लाख करोड़ रुपये की तुलना में बढ़कर 1.83 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जबकि उनकी औसत आयु घटकर 69 वर्ष हो गई है, जो पहले से तीन वर्ष कम है।

2025 में कुल 97 स्टार्टअप फाउंडर्स ने इस लिस्ट में जगह बनाई है

स्टार्टअप वेल्थ क्रिएशन में अहम भूमिका निभा रहे हैं और 2025 में कुल 97 स्टार्टअप फाउंडर्स ने इस लिस्ट में जगह बनाई है। लिस्ट में शामिल अरबपतियों में से 137 फार्मा सेक्टर, 132 इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स और 125 केमिकल एवं पेट्रोकेमिकल्स से हैं।

देश के शीर्ष 3 अरबपति – मुकेश अंबानी, गौतम अदाणी और रोशनी नादर

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट-2025 के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार की कुल नेटवर्थ 9.55 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है और संपत्ति के इस आंकड़े के साथ उन्हें फिर से भारत के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब हासिल हुआ है। वहीं गौतम अदाणी एंड फैमिली 8.15 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर है। लिस्ट में तीसरे नंबर पर रोशनी नादर मल्होत्रा को रखा गया है, जिनकी संपत्ति 2.84 लाख करोड़ रुपये है। बता दें कि वह इस सूची में अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग वाली महिला अरबपति बन गई हैं और पहली बार टॉप-3 में एंट्री लेते हुए भारत की सबसे अमीर महिला के रूप में इतिहास रच दिया है।

अरबपतियों की लिस्ट में शाहरुख खान की भी हुई एंट्री

अमीरों की 2025 लिस्ट में पेरप्लेक्सिटी के फाउंडर 31 वर्ष के अरविंद श्रीनिवास 21,190 करोड़ रुपये की नेटवर्थ के साथ भारत के सबसे युवा अरबपति बन गए हैं। वहीं दूसरी ओर बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान भी पहली बार इस लिस्ट में आए हैं और 12,490 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ भारत के टॉप अरबपतियों के क्लब में शामिल हो गए हैं।

वहीं जिस अरबपति परिवार की दौलत में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है, वह नीरज बजाज एंड फैमिली है। 69,875 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ इनकी नेटवर्थ अब 2.33 लाख करोड़ रुपये हो गई है।

अमीरों का केंद्र रहा है मुंबई

भारत के सबसे अमीरों की लिस्ट में इस बार भी मुंबई ही टॉप पर है, जहां पर देश के 451 सबसे धनी व्यक्ति रहते हैं। इसके बाद नई दिल्ली में 223 और बेंगलुरु 116 अमीरों के साथ लिस्ट में है। यदि बिजनेस सेक्टर्स की बात करें, तो हुरुन के मुताबिक फार्मास्यूटिकल्स 137 अमीरों के साथ पहले पायदान पर है जबकि इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स और केमिकल सेक्टर से जुड़े अमीरों की तादाद क्रमश: 132 और 125 रही है।

महिला अरबपतियों ने दिखाया दम

हुरुन लिस्ट में एक बार फिर से महिलाओं और सेल्फ मेड उद्यमियों ने अपना दम-खम दिखाया है। यह लिस्ट महिला उद्यमियों की बढ़ती उपस्थिति को भी दर्शाती है, जिसमें 2025 तक 101 महिलाएं शामिल हैं और इनमें 26 अरबपति हैं। वहीं इसमें शामिल 74% नए अमीरों ने जीरो से शुरू करने के बाद सबसे अमीरों में जगह हासिल की है। सेल्फ मेड अमीरों की तादाद इस बार 66% रही है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code