1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. भारत जोड़ो यात्रा : राहुल गांधी के साथ बहन प्रियंका भी यूपी में करेंगी पूरे 120 किलोमीटर की पदयात्रा
भारत जोड़ो यात्रा : राहुल गांधी के साथ बहन प्रियंका भी यूपी में करेंगी पूरे 120 किलोमीटर की पदयात्रा

भारत जोड़ो यात्रा : राहुल गांधी के साथ बहन प्रियंका भी यूपी में करेंगी पूरे 120 किलोमीटर की पदयात्रा

0
Social Share

लखनऊ, 3 जनवरी। कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार किसी बड़े कार्यक्रम में शिरकत करते हुए भाई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के यूपी चरण में पूरे 120 किलोमीटर तक पैदल चलेंगी। मंगलवार की सुबह गाजियाबाद से यूपी में प्रवेश कर चुकी राहुल की यात्रा तीन दिनों में यूपी के तीन जिलों को कवर करेगी।

गाजियाबाद से यात्रा में शामिल हुईं प्रियंका गांधी ने भाजपा पर हमला भी किया और कहा, ‘राहुल गांधी की छवि को खराब करने के लिए सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च किए, लेकिन वह सच्चाई से पीछे नहीं हटे। अडानी जी और अंबानी जी ने देश के सारे नेताओं को खरीद लिया, लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और ना कभी खरीद पाएंगे।’

यूपी के तीन जिलों के 11 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी भारत जोड़ो यात्रा

पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता दीपक सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी के यात्रा में शामिल होने से यूपी के कार्यकर्ता उत्साहित हैं। हरियाणा में प्रवेश करने से पहले यात्रा यूपी के तीन जिलों के 11 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। भारत जोड़ो यात्रा का गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से यूपी में प्रवेश हुआ। यहां से बागपत होते हुए राहुल और प्रियंका कैराना और शामली से गुजरेंगे।

यूपी चुनाव के बाद राज्य में पहली बार सक्रियता दिखाएंगी प्रियंका

वैसे देखा जाए तो अब तक प्रियंका गांधी को राज्य में कोई खास सफलता नहीं मिल सकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनावों में सफलता हासिल की है। चुनावों के दौरान प्रियंका गांधी ने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे के साथ महिला केंद्रित अभियान का नेतृत्व किया था। हालांकि इसमें प्रियंका को सफलता नहीं मिल सकी। पार्टी कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भारत जोड़ो यात्रा के जरिए ही प्रियंका फिर यूपी में सक्रिय होंगी।

यूपी से पहले प्रियंका ने अपनी मां सोनिया गांधी के साथ कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था। दिल्ली में प्रवेश करने पर वह यात्रा का हिस्सा भी थीं। सपा और बसपा जैसे प्रमुख विपक्षी दलों ने यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं, लेकिन निमंत्रण के बावजूद इससे दूर रहने का फैसला किया है। हालांकि जनता दल (यू) यात्रा में शामिल होगा। बिहार में जदयू, राजद और कांग्रेस के साथ गठबंधन में सरकार भी चला रहा है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code