असम : हिमंत बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने, राज्यपाल ने 4 अन्य विधायकों को भी दिलाई शपथ
गुवाहाटी, 12 मई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कद्दावर नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार पूर्वोत्तर राज्य असम के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राजधानी के खानापारा इलाके में वेटरनरी ग्राउंड पर आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने हिमंत बिस्वा सरमा को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने सीएम हिमंत के साथ चार अन्य विधायकों को भी शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करने वाले अन्य विधायकों में भाजपा के रामेश्वर तेली और अजंता नेओग, असम गण परिषद (AGP) के अतुल बोरा और बोडो पीपुल्स फ्रंट (BPF) के चरण बोरो शामिल हैं।

पीएम मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेता रहे मौजूद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल, पवित्र मार्घेरिटा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणनीस व शुभेंदु अधिकारी सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल थे।
#LIVE: Swearing-in ceremony of Chief Minister Dr. Himanta Biswa Sarma and the Council of Ministers of the BJP alliance government.#BJP4Assam #HimantaBiswaSarma #NDA https://t.co/rH2HXHUP7j
— BJP Assam Pradesh (@BJP4Assam) May 12, 2026
हिमंत की पिछली कैबिनेट में भी शामिल थे नेओग, बोरा व बोरो
हिमंत सरमा के साथ मंत्री पद की शपथ लेने वाले अन्य विधायकों की बात करें तो अजंता नेओग, अतुल बोरा और चरण बोरो, पिछली कैबिनेट के भी सदस्य थे जबकि केंद्रीय मंत्री रह चुके रामेश्वर तेली ने राज्य की राजनीति में वापसी की है। सरमा की पिछली सरकार में नेओग वित्त मंत्री थीं जबकि बोरा कृषि विभाग संभाल रहे थे और बोरो के पास परिवहन विभाग था।
लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार
उल्लेखनीय है कि असम में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनी है जबकि मुख्यमंत्री हिमंत का यह दूसरा कार्यकाल होगा। सर्वाधिक दिलचस्प तथ्य यह है कि भाजपा ने 126 विधानसभा सीटों वाले राज्य में 82 सीटों पर जीत दर्ज कर पहली बार अपने दम बहुमत हासिल किया है। वहीं एजीपी व बीपीएफ के हिस्से 10-10 सीटें आई हैं। इस प्रकार एनडीए ने इस बार 102 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल किया है।
