1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. थाईलैंड ओपन : सात्विकसाईराज व चिराग का अभियान शुरू, इंडोनेशियाई जोड़ी को तीन गेमों में दी शिकस्त
थाईलैंड ओपन : सात्विकसाईराज व चिराग का अभियान शुरू, इंडोनेशियाई जोड़ी को तीन गेमों में दी शिकस्त

थाईलैंड ओपन : सात्विकसाईराज व चिराग का अभियान शुरू, इंडोनेशियाई जोड़ी को तीन गेमों में दी शिकस्त

0
Social Share

बैंकॉक, 12 मई। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की सर्वोच्च वरीय भारतीय जोड़ी ने मंगलवार से यहां प्रांरभ थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत की और पुरुष युगल के पहले दौर इंडोनेशियाई मोह पुत्रा एरवियांस्याह व बागास मौलाना को तीन गेमों में शिकस्त दी। वहीं एकल में पीवी सिंधु व किदाम्बी श्रीकांत सहित अन्य सितारे बुधवार को जोर आजमाइश करेंगे।

निमिबुत्र स्टेडियम के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के 10वें मैच में विश्व नंबर चार भारतीय जोड़ी ने 64 मिनट तक खिंची कश्मकश 21-19, 21-23, 21-10 से अपने नाम की। सात्विक-चिराग की अब गुरुवार को मलेशियाई ब्रायन जेरेमी गूंटिंग व मोहम्मद हैकाल से मुलाकात होगी।

मुकाबले की बात करें तो सात्विक-चिराग शुरुआती गेम में एक समय 11-16 से पीछे चल रहे थे। लेकिन इसके बाद लगातार सात अंक जीतकर उन्होंने मुकाबले में वापसी की। इंडोनेशियाई टीम ने वापसी करते हुए स्कोर 18-18 कर दिया, लेकिन सात्विक व चिराग ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहला गेम अपने नाम किया।

दूसरा गेम भी बेहद करीबी रहा। दोनों जोड़ियों के बीच लंबी रैलियां देखने को मिलीं और ब्रेक तक भारतीय खिलाड़ियों ने मामूली बढ़त बना ली थी। ब्रेक के बाद इंडोनेशियाई जोड़ी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 17-14 की बढ़त हासिल कर ली। सात्विक व चिराग की जोड़ी ने इसका दमदार जवाब दिया, लेकिन इस गेम को मामूली अंतर से गंवा बैठे।

फिलहाल सात्विक व चिराग तीसरे और निर्णयाक गेम में पूरी तरह हावी नजर आए। उन्होंने शुरुआत से बढ़त बनाई और ब्रेक तक 11-5 से आगे हो गए। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने मुकाबले पर पकड़ बनाए रखते हुए आसानी से यह गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

महिला युगल व पुरुष युगल में दो अन्य भारतीय जोड़ियां परास्त

फिलहाल चिराग-सात्विक से हटकर पहले दिन कोर्ट पर उतरे अन्य भारतीय शटलरों को हार का सामना करना पड़ा। पुरुष युगल में पहले दौर के एक अन्य मुकाबले में ए. हरिहरन व एम. आर. अर्जुन की सातवीं वरीय जोड़ी चीनी ताइपे के लिन यू चिया व चेन झी रे के हाथों 35 मिनट मे 18-21, 20-22 से परास्त हुई तो महिला युगल में ओडिशा की पांडा बहनों – ऋतपर्णा व श्वेतापर्णा को चीनी ताइपे की लिन ची-चुन व यांग चु युन ने सिर्फ 24 मिनट में  21-9, 21-11 से हरा दिया।

क्वालीफिकेशन में भी भारतीय शटलरों को मिली पराजय

पुरुष एकल क्वालीफिकेशन मुकाबले में मलेशिया के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ली जी जिया ने भारत के मानव चौधरी को 21-19, 21-18 से हराया। मिश्रित युगल क्वालीफिकेशन में भारत के एम जगलान और एल जगलान की जोड़ी को चीनी ताइपे के त्साई फू चेंग और सुंग यू ह्सुआन के खिलाफ 11-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। महिला एकल क्वालीफिकेशन में थाईलैंड की वाई केटकलिएंग ने भारत की ए शाहापुरकर को 21-5, 21-7 से शिकस्त दी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code