मैनचेस्टर, 23 जुलाई। हरियाणा के युवा पेसर अंशुल कंबोज ने बुधवार को यहां भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टेस्ट खेलने वाले 318वें क्रिकेटर का गौरव अर्जित किया। दरअसल, ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ प्रांरभ चौथे टेस्ट की भारतीय एकादश में 24 वर्षीय अंशुल को चोटिल आकाश दीप की जगह मौका मिला। कुछ दिन पहले ही इंग्लैंड पहुंचे कंबोज को पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दीप दासगुप्ता ने टेस्ट कैप सौंपी।
Here's #TeamIndia's Playing XI for the Fourth Test 🙌
Anshul Kamboj makes his Debut 👏👏
Updates ▶️ https://t.co/L1EVgGu4SI#ENGvIND pic.twitter.com/bR2QO2eT8H
— BCCI (@BCCI) July 23, 2025
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मैक्ग्रा को अपना आदर्श मानते हैं अंशुल
हरियाणा के करनाल में 6 दिसम्बर, 2000 को जन्मे अंशुल बेहद कम उम्र में ही भारतीय घरेलू क्रिकेट में छा गए और इसकी वजह थी उनकी सटीक गेंदबाजी। उन्हें घरेलू क्रिकेट में मैक्ग्रा के नाम से भी पुकारा जाता है, वो इसलिए कि ऑस्ट्रेलिया का यह दिग्गज ही उनका आइडल रहा है और उनकी गेंदबाजी की सोच भी वैसी ही है। अंशुल एक ही लेंग्थ पर लगातार गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। अंशुल का कद 6 फीट 2 इंच है और इसलिए वो स्विंग के साथ-साथ एक्स्ट्रा बाउंस भी हासिल करते हैं।
घरेलू क्रिकेट में 2022 में डेब्यू किया
अंशुल कंबोज का घरेलू क्रिकेट में डेब्यू 2022 में ही हुआ था। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में अपना दम दिखाया और इस 10 मैचों में 17 विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें साल 2024 में मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में खेलने का मौका दिया, लेकिन अगले ही सीजन वो रिलीज हो गए।
केरल के खिलाफ रणजी मैच की एक पारी में 10 विकेट लेकर सनसनी फैला दी
अंशुल कंबोज तब घरेलू क्रिकेट में छाए, जब उन्होंने केरल के खिलाफ उसी वर्ष रणजी ट्रॉफी मैच की एक पारी में 10 विकेट हासिल कर सनसनी मचा दी। अनिल कुंबले के बाद ये कारनामा करने वाले वो सिर्फ दूसरे भारतीय और पहले तेज गेंदबाज बने।
Shine on, young lad 🙌🙌#TeamIndia #ENGvIND https://t.co/BLDRZz8Gu7
— BCCI (@BCCI) July 23, 2025
धोनी बने कंबोज के मेंटॉर
अंशुल कंबोज को आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में जगह मिली और वहां उन्हें मिला एमएस धोनी जैसा दिग्गज। धोनी से बातचीत ने उनके खेल को और निखारा। इस खिलाड़ी की सोच को धोनी ने काफी प्रभावित किया। दरअसल अंशुल कंबोज के पास हमेशा बल्लेबाज के लिए एक खास प्लान होता है, जिसे वो मैदान पर उतारते भी हैं। यही वजह है कि धोनी उनसे काफी खुश नजर आए। खुद आर अश्विन ने ये बात कही कि अंशुल कंबोज भारत के सबसे टैलेंटेड गेंदबाजों में से एक हैं। उनके पास बुमराह और जहीर खान जैसा प्लान होता है।
घरेलू क्रिकेट में 24 मैचों में लिए हैं 79 विकेट
अंशुल कंबोज ने घरेलू क्रिकेट में अब तक 24 मैचों में 79 विकेट हासिल किए हैं। लिस्ट ए में उनके नाम 40 विकेट हैं। टी20 में उनके नाम 34 विकेट हैं। कंबोज को वैसे इंग्लैंड में खेलने का अनुभव भी है। उन्होंने इंडिया ए के साथ इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो फर्स्ट क्लास मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने पांच विकेट हासिल किए थे। अब उम्मीद है कि वह टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करें।
खैर, इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट की बात करें तो भारतीय टीम तीन बदलाव के साथ उतरी है। अंशुल के अलावा करुण नायर की जगह साई सुदर्शन को मौका दिया गया है जबकि नीतीश रेड्डी की जगह शार्दुल ठाकुर की वापसी हुई है। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी पर बाध्य भारत ने पहले दिन लंच तक 26 ओवरों में बिना विकेट खोए 78 रन बनाए थे। ओपनरद्वय केएल राहुल 40 और यशस्वी जायसवाल 36 रन बनाकर क्रीज पर उपस्थित थे।
