1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. पूर्व पीएम मनमोहन सिंह अब राज्यसभा में नहीं दिखेंगे, 9 केंद्रीय मंत्रियों सहित 54 सांसदों का कार्यकाल खत्म
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह अब राज्यसभा में नहीं दिखेंगे, 9 केंद्रीय मंत्रियों सहित 54 सांसदों का कार्यकाल खत्म

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह अब राज्यसभा में नहीं दिखेंगे, 9 केंद्रीय मंत्रियों सहित 54 सांसदों का कार्यकाल खत्म

0
Social Share

नई दिल्ली, 2 अप्रैल। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह 33 वर्षों तक सेवा देने के बाद बुधवार (तीन अप्रैल) को राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो जाएंगे। दरअसल, 91 वर्षीय मनमोहन सिंह और नौ केंद्रीय मंत्रियों समेत राज्यसभा के 54 सदस्यों का कार्यकाल मंगलवार व बुधवार को पूरा हो रहा है।

 

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे बोले – ‘आपकी आवाज देश की जनता के लिए उठती रहेगी

इस बीच डॉ. मनमोहन सिंह के रिटायर होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें एक पत्र लिखा है। अपने पत्र में खरगे ने लिखा, ‘अब आप राज्यसभा में नहीं होंगे और सक्रिय राजनीति से रिटायर हो रहे हैं, लेकिन तब भी आपकी आवाज देश की जनता के लिए उठती रहेगी।’

खरगे ने अपने पत्र में लिखा, ‘तीन दशकों से अधिक समय तक सेवा करने के बाद आज जब आप राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं, आज एक युग का अंत हो गया है। बहुत कम लोग कह सकते हैं कि उन्होंने आपसे अधिक समर्पण और अधिक निष्ठा से हमारे देश की सेवा की है। बहुत कम लोगों ने देश और उसके लोगों के लिए आपके जितना काम किया है।’

1991 में पहली बार सदन में पहुंचे मनमोहन सिंह

भारतीय अर्थव्यवस्था में कई साहसिक सुधारों की शुरुआत करने के लिए लोकप्रिय मनमोहन सिंह अक्टूबर, 1991 में पहली बार सदन के सदस्य बने। वह 1991 से 1996 तक नरसिम्हा राव सरकार में वित्त मंत्री और 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। मनमोहन सिंह के तीन अप्रैल को अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद खाली होने वाली सीट को भरते हुए सोनिया गांधी पहली बार राजस्थान से उच्च सदन में प्रवेश करेंगी।

उच्च सदन से इन केंद्रीय मंत्रियों का कार्यकाल भी खत्म हो रहा

मनोहन सिंह के अलावा नौ केंद्रीय मंत्रियों का कार्यकाल भी उच्च सदन से समाप्त हो रहा है। इनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, पशुपालन और मत्स्य पालन मंत्री पुरषोत्तम रूपाला, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री राजीव चंद्रशेखर, विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री नारायण राणे और सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन का कार्यकाल मंगलवार को खत्म हो गया। वहीं, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का कार्यकाल बुधवार को समाप्त हो जाएगा।

वैष्णव व मुरुगन को छोड़कर अन्य केंद्रीय मंत्री लोकसभा चुनाव लड़ रहे

अश्विनी वैष्णव को छोड़कर ये सभी केंद्रीय मंत्री लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं, जिन्हें उच्च सदन में एक और कार्यकाल नहीं दिया गया है। वैष्णव और मुरुगन को राज्यसभा में एक और कार्यकाल दिया गया है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code