1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन, निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ की गई अंत्येष्टि
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन, निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ की गई अंत्येष्टि

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन, निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ की गई अंत्येष्टि

0
Social Share

नई दिल्ली, 28 दिसम्बर। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री व वयोवृद्ध कांग्रेस नेता डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर आज पंचतत्व में विलीन हो गया। यहां निगम बोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की गई। डॉ. सिंह की बड़ी बेटी रूपिंदर सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी।

भूटान नरेश व मॉरीशस के विदेश मंत्री भी अंत्येष्टि के वक्त मौजूद थे

एम्स दिल्ली में गुरुवार (26 दिसम्बर) की रात अंतिम सांस लेने वाले 92 वर्षीय मनमोहन सिंह की अंत्येष्टि में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सोनिया और प्रियंका गांधी अन्य नेता मौजूद रहे। भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल समेत कई विदेशी मेहमानों ने भी निगम बोध घाट पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुई अंतिम यात्रा

अंतिम संस्कार से पहले मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय लाया गया। यहां करीब एक घंटे तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों ने भी उनके अंतिम दर्शन किए। इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय से निगम बोध घाट तक करीब 11 किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा निकाली गई।

जब तक सूरज चांद रहेगा, मनमोहन आपका नाम रहेगा

इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, मनमोहन आपका नाम रहेगा’ और ‘मनमोहन सिंह अमर रहें’ नारे लगाते रहे। डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर जिस वाहन में रखा गया, उसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, दिवंगत नेता के परिवार के कुछ सदस्य और कांग्रेस के कुछ नेता भी बैठे थे। राहुल गांधी ने डॉ. सिंह के पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया।

कई सड़कों को किया गया था डायवर्ट

कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुई डॉ. मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा अकबर रोड से इंडिया गेट, तिलक मार्ग होते हुए आईटीओ रेड लाइट से दाईं तरफ मुड़ गई। पुराने पुलिस मुख्यालय के सामने से होते हुए अंतिम यात्रा रिंग रोड पर बांयी तरफ से होते हुए निगम बोध घाट पहुंची। अंतिम यात्रा के दौरान पूरे समय पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान भी मुस्तैद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आज दिल्ली की ट्रैफिक पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से लेकर निगम बोध घाट तक कई सड़कों को डायवर्ट कर दिया था।

तीनों सेनाओं के चीफ ने भी दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस ने शुक्रवार रात ही यह सूचना जारी कर दी थी कि आज पूर्वाह्न आठ बजे मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर 3, मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित उनके आवास से लाकर कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा। इस कारण कांग्रेस मुख्यालय के बाहर सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद थी। कांग्रेस के कई दिग्गज नेता कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद थे। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के साथ-साथ तीनों सेनाओं के चीफ ने भी श्रद्धांजलि दी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code