1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का निधन, बेंगलुरु के मणिपाल हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का निधन, बेंगलुरु के मणिपाल हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का निधन, बेंगलुरु के मणिपाल हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस

0
Social Share

बेंगलुरु, 18 जुलाई। पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का शनिवार को निधन हो गया। सांस लेने में दिक्कत की वजह से 85 वर्षीय चेन्नम्मा को बुधवार की रात बेंगलुरु शहर के मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। ICU में उनका इलाज चल रहा था। लेकिन शनिवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और शाम को उन्होंने आखिरी सांस ली।

मणिपाल हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने बताया कि सांस लेने में दिक्कत की वजह से पिछले चार दिनों से अस्पताल में इलाज करा रहीं चेन्नम्मा की हालत में सुधार के संकेत दिख रहे थे। हालांकि, इसी दौरान दिल का दौरा पड़ने से शाम चार बजे उनकी मौत हो गई।

देवेगौड़ा परिवार की रीढ़ रहीं चेन्नम्मा

देखा जाए तो चेन्नम्मा, कर्नाटक की राजनीति में प्रभाव रखने वाले देवेगौड़ा परिवार की रीढ़ रहीं। एच.डी. देवेगौड़ा और चेन्नम्मा की शादी 1954 में हुई थी। उनके चार बेटे और दो बेटियां हैं – एच.डी. रेवन्ना, एच.डी. बालकृष्ण, एच.डी. रमेश गौड़ा, एच.डी. कुमारस्वामी, शैलजा और अनसूया।

2001 में चेन्नम्मा पर हुआ था एसिड अटैक

वर्ष 2001 में पारिवारिक झगड़े की वजह से चेन्नम्मा पर उनके एक रिश्तेदार ने एसिड से हमला किया था, जब 21 फरवरी, 2001 को चेन्नम्मा होलनरसिपुर तालुक के हरदनहल्ली में ईश्वर मंदिर से पूजा करके लौट रही थीं। उस दिन वह महाशिवरात्रि पर पूजा करने मंदिर गई थीं। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, लेकिन इलाज के बाद ठीक हो गईं।

हरदनहल्ली लाया जाएगा पार्थिव शरीर

देवेगौड़ा परिवार की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार चेन्नम्मा का पार्थिव शरीर रविवार को देवेगौड़ा के गृह कस्बे हरदनहल्ली लाया जाएगा और यहां लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा।

पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने परिवार के साथ जताई संवेदना

इस बीच कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने चेन्नम्मा के निधन पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा के निधन से मुझे बहुत दुख हुआ है। जनता परिवार के सदस्य के तौर पर, देवेगौड़ा के परिवार के साथ मेरा बहुत करीबी रिश्ता था और मैं चेन्नम्मा को बहुत करीब से जानता था। चेन्नम्मा एक ताकतवर इंसान थीं, जिन्होंने जिंदगी की मुश्किलों और दर्द का बिना डगमगाए, हर चीज का हिम्मत से सामना किया। देवेगौड़ा के राजनीतिक सफर के उतार-चढ़ाव के बीच, उन्होंने एक बड़े परिवार की जिम्मेदारियां उठाईं और एक आदर्श गृहिणी की तरह काम किया।’

सिद्धारमैया ने आगे लिखा, ‘एक पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी होने के बावजूद, चेन्नम्मा ने सभी के साथ प्यार से और बिना किसी दिखावे के पेश आईं, और एक अच्छी पत्नी की तरह पूरी जिंदगी जी। ईश्वर, देवेगौड़ा को यह दुख सहने की ताकत दे, जिन्होंने इन आखिरी वर्षों में अपने लंबे समय के साथी को खो दिया है। देवेगौड़ा परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं उनके दुख में शामिल हूं। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।’

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code