जदयू के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष आरसीपी सिंह भाजपा में शामिल, सीएम नीतीश कुमार पर कसा तंज

नई दिल्‍ली, 11 मई। मोदी कैबिनेट के सदस्य रह चुके जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व नेता रामचंद्र प्रसाद सिंह उर्फ आरसीपी सिंह गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पार्टी महासचिव अरुण सिंह और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी की मौजूदगी में आरसीपी सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

‘विश्व में सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत है और सबसे बड़ी पार्टी भाजपा

आरसीपी सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा और अमित शाह को धन्यवाद दिया। उन्होंने मीडिया से कहा, ‘भगवान मुझे ताकत दे कि इस देश की और प्रदेश की सेवा कर सकूं। ये मेरे लिए गौरव का क्षण है कि आज मैं भाजपा में शामिल हुआ।’ उन्होंने कहा कि विश्व में सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत है और सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है। मुझे इसमें शामिल होने पर गौरव है।’

इस अवसर पर आरसीपी सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा और जदयू को भूजा पार्टी तक कह डाला। उन्होंने कहा, ‘नीतीश बाबू बोलते थे कि कोई काम देश में नहीं हो रहा है। मैंने उन्हें कई बार आईना दिखाने की कोशिश की। नीतीश बाबू बताइए कि कैसे आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। नीतीश जी बताइए कि देश कहां चला गया है और बिहार आज भी कहां है।’

नीतीश कुमार के विपक्षी एकता मिशन पर भी उठाया सवाल

नीतीश कुमार के विपक्षी एकता मिशन पर भी आरसीपी सिंह ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ‘आज एक प्रदेश का सीएम तीन राज्यों का दौरा कर रहा है। बिहार में भ्रष्टाचार, नौकरी के मुद्दे की बात को छोड़कर नीतीश जी विपक्षी एकता की बात कर रहे हैं। विपक्ष का नेता कौन है। बिना किसी नेता के विपक्ष होता है क्या? इतिहास को याद करिए, हमेशा चुनाव में एकता की बात आती है। लेकिन वह बिना नेता के एकता की बात कर रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि नीतीश बाबू आपका नेता कौन है?’

जिस आरजेडी के भ्रष्टाचार का विरोध किया था, आज उसी की गोद में जा बैठे हैं

आरसीपी सिंह ने कहा, ‘नीतीश कुमार को सी शब्द से प्रेम है। आजकल वह कुर्सी के चक्कर में लगे हैं। उन्हें बिहार को आगे नहीं ले जाना है। आज बिहार में सब तार-तार है। 2005 में राज्य में बड़ी मुश्किल से कानून का राज्य स्थापित किया गया था। अब 2005 से बुरी स्थिति है। नीतीश कुमार ने जिस आरजेडी के भ्रष्टाचार का विरोध किया था, आज उसी की गोद में जा बैठे हैं। वह अब जिंदगीभर आरजेडी के गोद में बैठेंगे तो मेरे सामने क्या विकल्प था? इसलिए मैंने बीजेपी ज्वाइन किया है।’

पीएम का मतलब पलटीमार

नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए आरसीपी सिंह ने कहा, ‘नीतीश कुमार को पीएम बनना है। वो हैं PM, लेकिन क्या है? P का मतलब पलटी और M का मतलब माल कमाया है। नीतीश बाबू पीएम हैं और पीएम रहेंगे। पीएम माने पलटीमार। आपने कई बार देश के साथ विश्वासघात किया। इससे देश का विकास नहीं होता है। बिहार में जदयू को मैंने गांव-गांव पहुंचाया। बिहार में नीतीश कुमार का कुछ नहीं बचेगा। वे रहेंगे और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष रहेंगे और भूजा पार्टी रहेगी।’

आरसीपी सिंह ने पिछले वर्ष अगस्त में जदयू से दिया था इस्तीफा

कभी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबियों में शुमार रहे आरसीपी सिंह ने पिछले वर्ष अगस्त में जदयू से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा से नजदीकियों के चलते जदयू ने उन्हें दोबारा राज्यसभा भी नहीं भेजा। इसके बाद उन्हें केंद्रीय मंत्री का पद भी गंवाना पड़ा था। जदयू छोड़ने के बाद से ही आरसीपी सिंह के भाजपा में जाने के कयास लगाए जा रहे थे। वह कुर्मी समाज से आते हैं। कुर्मी मतदाता नीतीश कुमार के समर्थक माने जाते हैं, क्योंकि वह खुद भी इसी समाज से ताल्लुक रखते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular