अहमदाबाद विमान हादसे में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का भी निधन, केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने की पुष्टि
अहमदाबाद, 12 जून। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी उन अभागे 241 लोगों में शामिल हैं, जिनकी गुरुवार दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास एयर इंडिया AI171 विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई। उल्लेखनीय है कि इस भयावह हादसे में सिर्फ एक यात्री जीवित बचा है। ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एअर इंड़िया के आंकड़ों के अनुसार, 68 वर्षीय विजय रूपाणी को फ्लाइट मैनिफेस्ट में यात्री संख्या 12 के रूप में सूचीबद्ध किया गया था। उनके शोक संतप्त परिवार में पत्नी अंजलि रूपाणी, दो पुत्र पूजित व ऋषब और एक बेटी राधिका रूपाणी हैं। यह विडम्बना ही है कि प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाले विजय रुपाणी गुजरात के दूसरे सीएम हैं। इससे पहले बलवंतराय मेहता की छह दशक पहले प्लेन क्रैश में मौत हुई थी।
Last pic of Former CM of Gujarat Vijay Rupani ji
Om Shanti pic.twitter.com/9xmJVCXsye
— Woke Eminent (@WokePandemic) June 12, 2025
केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने पुष्टि की कि रूपाणी सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मेघानीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान में सवार थे। पाटिल ने संवाददाताओं से कहा, ‘विजय रूपाणी अपने परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए लंदन जा रहे थे। वह उन 241 लोगों में शामिल हैं, जिनकी दुखद विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।’
गौरतलब है कि 242 यात्रियों को लेकर जा रहा एयर इंडिया बोइंग 787-8 ड्रीमलाइन विमान दोपहर 1-2 बजे के बीच अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार 242 लोगों में से 12 एयरलाइन्स के थे – 2 पायलट और 10 केबिन क्रू। विमान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के पास थी जबकि फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे।

पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दी श्रद्धांजलि
इस बीच पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिवंगत विजय रूपाणी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ‘अहमदाबाद के पास दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजय रूपाणी जी के दुखद निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’
दो कार्यकाल के लिए राज्य के सीएम रहे विजय रूपाणी
यांगून (म्यांमार) में जन्मे विजय रूपाणी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में अपना करिअर शुरू किया था और बाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में शामिल हो गए। रूपाणी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थापना के समय से ही इससे जुड़े हुए थे। वह 2016 से 2021 तक दो कार्यकाल के लिए राज्य के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।

सरकार और संगठन दोनों की कमान संभाली
देखा जाए तो विजय रुपाणी गुजरात भाजपा के इकलौते ऐसे नेता थे, जिन्होंने राज्य में सरकार और संगठन दोनों की कमान संभाली। वह पहले प्रदेश अध्यक्ष बने और फिर जब राज्य में आनंदीबेन पटेल ने इस्तीफा दिया तो वह मुख्यमंत्री बने थे। उन्हें संवेदनशील सीएम के तौर पर जाना गया। जब भाजपा ने राज्य में नो रिपीट थ्योरी लागू की तो उन्होंने इस्तीफा दिया था। राज्यसभा के सदस्य विजय रुपाणी वर्तमान में भाजपा के पंजाब राज्य प्रभारी थे।
1976 में आपातकाल के दौरान 11 महीने की जेल हुई थी।
विजय रूपाणी को 1976 में आपातकाल के दौरान 11 महीने की जेल हुई थी। उन्होंने अपने लंबे और शानदार राजनीतिक करिअर के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया – राजकोट के मेयर (1996-1997), राज्यसभा सांसद (2006-2012), और परिवहन, श्रम और जल आपूर्ति विभागों के साथ राज्य कैबिनेट मंत्री। वह राजकोट पश्चिम का प्रतिनिधित्व करते हुए दो बार विधायक भी रहे।
