1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. महाराष्ट्र : यवतमाल में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, फंसे 45 लोगों को बचाने के लिए वायुसेना का हेलीकॉप्टर बुलाया गया
महाराष्ट्र : यवतमाल में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, फंसे 45 लोगों को बचाने के लिए वायुसेना का हेलीकॉप्टर बुलाया गया

महाराष्ट्र : यवतमाल में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, फंसे 45 लोगों को बचाने के लिए वायुसेना का हेलीकॉप्टर बुलाया गया

0
Social Share

यवतमाल, 22 जुलाई। महाराष्ट्र के यवतमाल में शुक्रवार की रात से शुरू हुई भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और कई घरों में पानी घुस गया है। एक घर की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं जिले के महागांव तालुका के आनंदनगर गांव में बाढ़ में फंसे 45 लोगों को बचाने के लिए नागपुर से भारतीय वायुसेना के Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर को बुलाया गया है। कई जगहों पर SDRF की टीमें भी तैनात हैं।

नागपुर के रक्षा पीआरओ, विंग कमांडर रत्नाकर सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की मांग के आधार पर, यवतमाल जिले में बाढ़ के कारण फंसे 45 लोगों को निकालने के लिए नागपुर से एक एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर लाकर रेस्क्यू अभियान में लगाया जा रहा है।

डिप्टी सीएम फडणवीस बोले – ‘हम स्थिति पर नजर रख रहे

वहीं उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक ट्वीट में कहा, ‘यवतमाल जिले के महगांव तालुका के आनंदनगर तांडा में बाढ़ के पानी के कारण करीब 45 लोग फंसे हुए हैं। हम लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और अब एक घंटे के भीतर भारतीय वायु सेना के 2 हेलीकॉप्टर नागपुर पहुंचेंगे और फंसे हुए नागरिकों को निकालने के लिए तुरंत महागाव के लिए रवाना होंगे। यहां करीब 231 मिमी बारिश हुई है। मेरे सहयोगी मदनभाऊ येरावर भी संपर्क में हैं। हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं।’

शहर में शुक्रवार रात से 117.5 मिलीमीटर वर्षा हुई

यवतमाल में शुक्रवार रात हुई भारी बारिश से जिले के कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए। कई घरों में पानी घुस गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी अमोल येडगे ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है तथा शहर में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि शहर में शुक्रवार रात से 117.5 मिलीमीटर वर्षा हुई है। राज्य आपदा मोचन बल की एक टीम आनंदनगर गांव में बचाव अभियान चलाने के लिए रवाना की गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में लगभग चार घंटे तक बारिश हुई। सड़कों पर पानी भर गया और बारिश का पानी उनके घरों में घुस गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक यवतमाल में इसके पहले कभी इतनी बारिश नहीं हुई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग इलाके के लगभग 500 घर जलमग्न हो गए हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code