नई दिल्ली, 4 सितम्बर। भारत और जापान की क्रिकेट टीमें पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने होंगी। एशियाई खेलों के दौरान दोनों देशों के बीच 22 सितम्बर को जापान के तोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर एक विशेष T20 इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा।
यह मुकाबला भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न की शुरुआत के तौर पर आयोजित किया जा रहा है। इस मुकाबले को ‘सुजुकी कप’ नाम दिया गया है। यह मैच ‘स्पोर्ट 75’ पहल का पहला आयोजन होगा। इस पहल का उद्देश्य भारत और जापान के बीच खेलों के जरिए लोगों के बीच संपर्क और सहयोग को बढ़ावा देना है।
पहली बार क्रिकेट मैदान पर आमने-सामने
दिलचस्प यह है कि भारत और जापान की पुरुष क्रिकेट टीमें इससे पहले कभी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने नहीं हुई हैं। इस लिहाज से 22 सितम्बर का मुकाबला दोनों देशों के क्रिकेट इतिहास में खास होगा। भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला एशियाई खेलों से पहले अभ्यास का भी अच्छा मौका होगा। एशियाई खेल 2026 जापान में ही 19 सितम्बर से चार अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे हैं।
2036 ओलम्पिक की मेजबानी से भी जुड़ा है ‘Sport 75’
‘स्पोर्ट 75’ पहल भारत के 2036 ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों की मेजबानी की महत्वाकांक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। यह पहल भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची के बीच शिखर बैठक में हुए समझौते से जुड़ी है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेलों के क्षेत्र में सहयोग और मानवीय संपर्क को बढ़ाना है।
𝗛𝗶𝘀𝘁𝗼𝗿𝘆 𝗜𝗻 𝗧𝗵𝗲 𝗠𝗮𝗸𝗶𝗻𝗴!
India🇮🇳 🤝 Japan🇯🇵#TeamIndia set to play a historic T20I against Japan to launch the celebrations of the 7️⃣5️⃣th Anniversary of India-Japan Diplomatic Relations. 👏👏@CricketJapan
All The Details 🔽https://t.co/vxdhuT1tgp pic.twitter.com/DQmPncvefH
— BCCI (@BCCI) September 4, 2026
BCCI ने बताया ऐतिहासिक पल
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारत और जापान के बीच यह विशेष T20 मैच क्रिकेट को जापान और पूरे पूर्वी एशिया में नए दर्शकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि BCCI जापान क्रिकेट एसोसिएशन के साथ मिलकर जापान में क्रिकेट को मजबूत करने और आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगा।
जापान क्रिकेट के लिए भी बड़ा मौका
वहीं जापान क्रिकेट एसोसिएशन के CEO नाओकी मियाजी ने इसे जापान में क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा विश्व चैम्पियन भारतीय टीम की मेजबानी करना जापान क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मुकाबले के लिए सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड को तैयार किया जा रहा है। सामान्य तौर पर यहां करीब 500 दर्शक बैठ सकते हैं, लेकिन इस आयोजन के लिए क्षमता बढ़ाकर 2,000 दर्शकों तक करने की योजना है।


