मथुरा में कान्हा के जन्मोत्सव की धूम : प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा अनुष्ठान, लाखों भक्तों की उमड़ी भीड़

मथुरा, 4 सितम्बर। कान्हा नगरी मथुरा-वृंदावन में नटखट कन्हैया के जन्मोत्सव की धूम है और ‘राधे-राधे’ की गूंज के बीच समारोह में शामिल होने के लिए दूरदराज से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वहीं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर सतरंगी रोशनी से जगमग है और मंदिर प्रांगण में भगवान के अभिषेक और जन्मोत्सव में कुछ ही घंटे शेष हैं। जैसे-जैसे समय गुजरता जा रहा है, श्रद्धालुओं की भीड़ भी लगातार बढ़ती जा रही है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंदिर में आने और जाने के लिए निर्देशित कर रहे हैं।

बांके बिहारी मंदिर में लड्डू-गोपाल का अभिषेक, छप्पन भोग का चढ़ावा

दूसरी ओर वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के साथ ही चंद्रोदय मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का अवतरण दिवस भक्ति और वैदिक परंपराओं के साथ भव्य रूप से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों एवं आकर्षक बिजली रोशनी से सुसज्जित किया गया है। उत्सव में लड्डू गोपाल का अभिषेक किया गया और छप्पन भोग के चढ़ावे के साथ विशेष श्रृंगार, झूलन उत्सव, भजन संध्या और हरिनाम संकीर्तन किया गया।

मंदिर अध्यक्ष चंचलापति दास ने श्रीमद्भागवत के श्लोक ‘एते चांशकलाः पुंसः कृष्णस्तु भगवान् स्वयम्। इन्द्रारि-व्याकुलं लोकं मृडयन्ति युगे युगे॥’ का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण सभी अवतारों के मूल स्रोत एवं स्वयं पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान हैं। जब-जब संसार अधर्म और आसुरी शक्तियों के कारण व्याकुल होता है, तब भगवान भक्तों की रक्षा, धर्म की स्थापना तथा समस्त जीवों के कल्याण के लिए युग-युग में अवतरित होते हैं।

मथुरा शहर में श्रद्धालुओं के लिए 300 से अधिक भंडारा

मथुरा में नटखट कन्हैया का जन्म उत्सव बृजवासी हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बृजवासियों ने खुलकर भंडारों का आयोजन किया है, जिसमें गरम-गरम पूरी,सब्जी व मिठाई के साथ फलों का वितरण किया जा रहा है। पूरे शहर में 300 से अधिक भंडारे नगर निगम की अनुमति से लगे हुए हैं। कहीं प्याऊ लगे हैं तो कहीं पूरी सब्जी का वितरण हो रहा है।

50 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन करेंगे

जिला प्रशासन ने जन्माष्टमी पर्व को लेकर सुरक्षा के बेहद कड़े प्रबंधक किए हैं। श्रद्धालुओं के लिए कोई असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। शहर में नो ह्वीकल जोन घोषित किए गए हैं। बैरिकेडिंग्स लगाकर श्रद्धालुओं का आवागमन किया जा रहा है। होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि 50 लाख श्रद्धालु प्रभु श्रीकृष्ण का दर्शन करेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular