1. Home
  2. हिंदी
  3. बॉलीवुड
  4. बॉलीवुड के प्रख्यात संगीतकार-गायक बप्पी लाहिड़ी का मुंबई में निधन
बॉलीवुड के प्रख्यात संगीतकार-गायक बप्पी लाहिड़ी का मुंबई में निधन

बॉलीवुड के प्रख्यात संगीतकार-गायक बप्पी लाहिड़ी का मुंबई में निधन

0
Social Share

मुंबई, 16 फरवरी। मशहूर संगीतकार और गायक बप्पी लाहिड़ी का यहां क्रिटिकेयर अस्पताल में निधन हो गया। 69 वर्षीय लहरी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक गाने देने वाले बप्पी दा की पहचान उनके शरीर पर लदे सोने के गहनों से भी होती थी।

चिकित्सकों ने बताया कि कई स्वास्थ्य समस्याओ से पीड़ित बप्पी लाहिड़ी पिछले एक माह से अस्पताल में भती थे और उन्हें सोमवार को ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को मध्यरात्रि से तनिक पहले ओएसए (ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया) के कारण उनका निधन हुआ।

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में 27 नवम्बर,1952 को जन्मे और और लीजेंड्री सिंगर किशोर कुमार के भतीजे बप्पी लाहिड़ी ने वर्ष 1973 में हिन्दी फिल्म नन्हा शिकारी में पहली बार संगीत दिया था। इसके एक साल बाद उन्होंने  बांग्ला फिल्म दादू में भी संगीत निर्देशन किया।

  • 1975 में फिल्म जख्मी से बॉलीवुड में बतौर संगीत निर्देशक मिली असल पहचान

बॉलीवुड में उनकी असल पहचान फिल्म ‘जख्मी’ से हुई। यह फिल्म वर्ष 1975 में रिलीज हुई थी। बतौर संगीत निर्देशक इस फिल्म से उनको काफी लोकप्रियता हासिल हुई। वह न सिर्फ एक अच्छे संगीत निर्देशक थे बल्कि एक अच्छे गायक भी थे।

  • डिस्को संगीत को लोकप्रिय बनाने के लिए जाने जाते थे बप्पी दा

अपनी जिंदादिली के लिए मशहूर हंसमुख स्वभाव के बप्पी लाहिड़ी को बॉलीवुड में डिस्को संगीत को लोकप्रिय बनाने के लिए जाना जाता था। उन्होंने 1970-80 के दशक के अंत में ‘चलते चलते’, ‘डिस्को डांसर’, ‘नमक हलाल’, ‘डांस डांस’, ‘शराबी’, ‘धर्म-कर्म’, ‘टैक्सी नंबर 9211’, ‘द डर्टी पिक्चर’ और ‘बद्रीनाथ की दुल्हनियां’ जैसी फिल्मों में संगीत और आवाज दी। उन्होंने आखिरी बॉलीवुड गाना 2020 में रिलीज हुई फिल्म ‘बागी 3’ के लिए गाया था।

  • हिन्दी सहित अन्य भाषाओं में 5 हजार से अधिक गानों में संगीत दिया

बप्पी दा हिन्दी, कन्नड़, तेलुगु और उड़िया सहित अलग-अलग भाषाओं में पांच हजार से अधिक गीतों में संगीत दिया। उनके लोकप्रिय गीतों में यार बिना चैन कहां रे (साहेब), आई एम डिस्को डांसर ( डिस्को डांसर), आज रपट जाएं ( नमक हलाल), रात बाकी (नमक हलाल),  दे दे प्यार दे ( शराबी), तम्मा तम्मा ( थानेदार), ऊ ला ला ( द डर्टी पिक्चर) शामिल हैं।

  • बेहद पसंद था सोने के गहने पहनना

दो संतानों के पिता बप्पी लाहिड़ी को स्वर्णाभूषण पहनना और हमेशा चश्मा लगाकर रखना बेहद पसंद था। गले में सोने की मोटी-मोटी चेन और हाथ में बड़ी-बड़ी अंगूठियां समेत सोने के ढेर सारे गहने पहनना उनकी पहचान थी। बप्पी दा को बॉलीवुड का पहला रॉक स्टार सिंगर भी कहा जाता है।

  • लाहिड़ी जी के निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं – अशोक पंडित

बप्पी लाहिड़ी के निधन पर फिल्म मेकर अशोक पंडित ने ट्वीट में लिखा, ‘रॉकस्टार बप्पी लाहिड़ी जी के निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। विश्वास नहीं हो रहा है कि मेरा पड़ोसी अब नहीं रहा। आपका संगीत हमेशा हमारे दिलों में रहेगा।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code