युद्धपोत आईएनएस रणवीर में धमाका : 3 जवान शहीद, नौसेना ने दिए जांच के आदेश

मुंबई, 18 जनवरी। मुंबई में नौसैन्य डकयार्ड में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस रणवीर के एक बॉक्स में मंगलवार की शाम धमाका हो गया। इस धमाके में तीन जवान शहीद हो गए जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं।

युद्धपोत के एक आंतरिक कक्ष में हुआ विस्फोट

भारतीय नौसेना के अधिकारी ने ब्लास्ट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आईएनएस रणवीर पूर्वी नौसेना कमान से क्रॉस कोस्ट ऑपरेशनल तैनाती पर था और जल्द ही बेस पोर्ट पर लौटने वाला था। इसी दौरान युद्धपोत के एक आंतरिक कक्ष में विस्फोट के कारण नौसेना के तीन कर्मियों की मौत हो गई।

नौसेना के अधिकारी ने कहा कि जहाज के चालक दल ने तुरंत प्रतिक्रिया करते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया। फिलहाल इस ब्लास्ट में किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है। आईएनएस रणवीर में ब्लास्ट कैसे हुआ, इसकी जांच के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी का आदेश दे दिया गया है।

राजपूत श्रेणी के 5 विनाशक जहाजों में चौथा युद्धपोत है आईएनएस रणवीर

गौरतलब है कि युद्धपोत आईएनएस रणवीर भारतीय नौसेना के राजपूत श्रेणी के 5 विनाशक जहाजों में से चौथा जहाज है। इसे अक्टूबर, 1986 में नौसेना में शामिल किया गया था। आईएनएस रणवीर 30 अधिकारियों और 310 नाविकों के एक दल द्वारा संचालित किया जाता है। यह हथियारों और सेंसर से लैस युद्धपोत है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular