1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. राजस्थान में भजनलाल मंत्रिमंडल का विस्तार – किरोड़ीलाल मीणा व राज्यवर्धन राठौड़ सहित 22 विधायकों ने ली शपथ
राजस्थान में भजनलाल मंत्रिमंडल का विस्तार – किरोड़ीलाल मीणा व राज्यवर्धन राठौड़ सहित 22 विधायकों ने ली शपथ

राजस्थान में भजनलाल मंत्रिमंडल का विस्तार – किरोड़ीलाल मीणा व राज्यवर्धन राठौड़ सहित 22 विधायकों ने ली शपथ

0
Social Share

जयपुर, 30 दिसम्बर। राजस्थान में भजनलाल शर्मा कैबिनेट का शनिवार को विस्तार कर दिया गया। सत्तारूढ़ भाजपा के 22 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। सांसद पद छोड़कर विधायक बने किरोड़ीलाल मीणा व राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित 12 विधायक कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। पांच को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व पांच को राज्यमंत्री बनाया गया है।

करणपुर सीट से चुनाव लड़ रहे सुरेंद्रपाल सिंह टीटी भी मंत्रिमंडल में शामिल

राज्यपाल कलराज मिश्र ने राजभवन में विधायकों को पद व गोपनीयता दिलाई। खास बात यह रही कि कैबिनेट में पूर्व मंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी को भी शामिल किया गया है, जो करणपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर पांच जनवरी को मतदान होना है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर की मृत्यु के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। कांग्रेस ने कुन्नर के बेटे रूपिंदर सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

12 कैबिनेट मंत्री, 5 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 5 राज्य राज्यमंत्री

कैबिनेट मंत्रियों में डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, गजेंद्र सिंह खींवसर, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, बाबूलाल खराड़ी, मदन दिलावर, जोगाराम पटेल, सुरेश सिंह रावत, अविनाश गहलोत, जोराराम कुमावत, हेमंत मीणा, कन्हैयालाल चौधरी व सुमित गोदारा शामिल हैं।

इसके अलावा विधायक संजय शर्मा, गौतम कुमार, झाबर सिंह खर्रा, सुरेंद्रपाल सिंह टीटी व हीरालाल नागर को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ दिलाई गई है। साथ ही विधायक ओटाराम देवासी, डॉ. मंजू बाघमार, विजय सिंह चौधरी, के के बिश्नोई व जवाहर सिंह बेढम ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली है।

गौरतलब है कि राज्य में विधानसभा की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवम्बर को मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम तीन दिसम्बर को घोषित किया गया था। भजनलाल शर्मा ने 15 दिसम्बर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ नवनिर्वाचित विधायक दिया कुमारी व प्रेमचंद बैरवा को उप मुख्यमंत्री बनाया गया था।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code