नई दिल्ली, 12 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली और मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम के साथ अलग-अलग बैठक की। शनिवार को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर हुई द्विपक्षीय बैठकों में विभिन्न क्षेत्रों में इन नेताओं के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की गई।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक बयान में बताया कि दोनों देशों ने भारत के साथ रक्षा सहयोग को और मजबूत करने में गहरी रुचि दिखाई है। वहीं एमईए सूत्र के अनुसार, इन बैठकों में बहुत अहम मुद्दों पर चर्चा हुई और आर्थिक सहयोग, रक्षा और सुरक्षा साझेदारी तथा क्षमता निर्माण सहित प्रमुख क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। संकेत मिले हैं कि इथियोपिया और मलेशिया रक्षा, निवेश और सेमीकंडक्टर पर भारत के साथ बड़े समझौते की ओर बढ़ रहे हैं।
इथियोपिया ने विशेष रूप से भारतीय खनन कम्पनियों के लिए अपने देश का द्वार खोलने की बात कही तो वहीं मलेशिया के साथ सेमीकंडक्टर को लेकर सार्थक बातचीत हुई है। इससे पहले विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान जारी कर द्विपक्षीय बैठकों की जानकारी दी थी।
Prime Minister @narendramodi met Prime Minister @anwaribrahim of Malaysia on the sidelines of 18th BRICS Summit.
Building on Prime Minister Modi’s visit to Malaysia in February 2026, the leaders reviewed the progress in bilateral cooperation across a range of areas, including… pic.twitter.com/7i1qMLAiy7
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) September 12, 2026
मलेशिया के पीएम के साथ हुई बैठक के बाद जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के नतीजों पर बात की और व्यापार व निवेश, रक्षा व सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कोटा किनाबालु, सबाह में भारत का वाणिज्य दूतावास खोलने के लिए मलेशिया की सहमति जताई।
वहीं, इथियोपिया के अपने समकक्ष पीएम अबी अहमद अली के साथ बातचीत में पीएम मोदी ने आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की। बैठक के दौरान, पीएम मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में इथियोपिया की भागीदारी की सराहना की और कहा कि देश की उपस्थिति ने ‘ग्लोबल साउथ’ की सामूहिक आवाज को मजबूत करने में मदद की। इथियोपिया ने भारत के साथ मजबूत रक्षा सहयोग के लिए अपनी उत्सुकता जताई। इथियोपिया ने भारतीय उद्योग और निवेश का स्वागत किया।
PM @narendramodi met Prime Minister Dr. Abiy Ahmed Ali, on the sidelines of the 18th BRICS Summit in New Delhi.
Both leaders discussed avenues to further strengthen the India-Ethiopia Strategic Partnership across sectors including economic, defence and security sectors. Both… pic.twitter.com/p4Bq01cGH9
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) September 12, 2026
भारत आज से नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ थीम पर आधारित है, जो ‘मानवता सर्वोपरि’ की भावना पर आधारित प्रधानमंत्री मोदी के जन-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाती है।


