यूएस ओपन टेनिस : ज्वेरेव-शेल्टन के बीच खिताबी टक्कर, फ्लशिंग मेडोज में नए पुरुष एकल चैम्पियन की होगी ताजपोशी

न्यूयॉर्क, 12 सितम्बर। फ्लशिंग मेडोज का हार्ड कोर्ट रविवार को नए पुरुष एकल चैम्पियन की ताजपोशी करेगा, जब मौजूदा विश्व नंबर दो जर्मन स्टार एक एलेक्जेंडर ज्वेरेव और स्थानीय दर्शकों के चहेते अमेरिकी बेन शेल्टन यूएस ओपन में खिताब के लिए टकराएंगे।

टियाफो को हरा शेल्टन करिअर के पहले मेजर फाइनल में

हालांकि अमेरिकी ओपन के नए चैम्पियन की पटकथा तो क्वार्टर फाइनल में ही तय हो गई थी, जब विश्व नंबर नौ बेन शेल्टन ने पांच सेटों के कठिन संघर्ष में गत चैम्पियन स्पेनिश दिग्गज कार्लोस अल्काराज की चुनौती तोड़ दी थी। फिलहाल वर्ष की अंतिम ग्रैंड स्लैम स्पर्धा में आठवीं सीड लेकर उतरे 23 वर्षीय शेल्टन ने आर्थर ऐश स्टेडियम में शुक्रवार की रात भी अपना श्रेष्ठ पराक्रम जारी रखा और तीन घंटे 17 मिनट तक खिंची कश्मकश में पहला सेट गंवाने के बाद 11वें वरीय हमवतन 28 वर्षीय फ्रांसेस टियाफो को 4-6, 6-3, 6-3, 7-5 को हराकर करिअर के पहले मेजर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

ज्वेरेव मौजूदा सत्र के लगातार तीसरे मेजर फाइनल में

इसके पूर्व खेले गए पहले सेमीफाइनल में टॉप सीड 29 वर्षीय ज्वेरेव को दो घंटे 58 मिनट तक चले रोमांचक संघर्ष के दौरान दो कठिन टाईब्रेकर देखना पड़े। हालांकि उन्होंने विश्व रैंकिंग में 50वें नंबर के रूसी स्पर्धी 30 वर्षीय करेन खाचानोव को 6-3, 7-6 (7), 7-6 (6) से परास्त किया और मौजूदा सत्र के लगातार तीसरे फाइनल में जगह बनाई।

 

वर्ष 2020 के फाइनल में डोमिनिक थिएम से हार गए थे ज्वेरेव

दिलचस्प यह है कि इसी वर्ष रोलां गैरों की लाल बजरी की सतह पर करिअर का पहला मेजर खिताब (फ्रेंच ओपन) जीतने के बाद ज्वेरेव विंबलडन फाइनल में इतालवी यानिक सिनर से मात खा गए थे। अमेरिकी ओपन की बात करें तो वह वर्ष 2020 में भी फाइनल खेल चुके हैं, जब ऑस्ट्रियाई डोमिनिक थिएम ने उन्हें पांच सेटों के कठिन संघर्ष में शिकस्त दी थी। अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि करिअर के छठे मेजर फाइनल में ज्वेरेव दूसरा खिताब जीतने में सफल होते हैं अथवा नहीं।

ज्वेरेव ATP लाइव रेस में यानिक सिनर की बराबरी पर पहुंचे

खैर, सेमीफाइनल मे जीत के साथ ही ज्वेरेव PIF ATP लाइव रेस टू ट्यूरिन (7,950 अंक) में शीर्षस्थ यानिक सिनर के बराबर पहुंच गए हैं। यह रैंकिंग PIF द्वारा प्रायोजित ATP ईयर-एंड नंबर 1 सम्मान की दौड़ के लिए एक पैमाना है। ज्वेरेव 1978 के बाद से एक ही सीजन में तीन अलग-अलग तरह की सतहों (सरफेस) पर मेजर फाइनल में पहुंचने वाले 12वें खिलाड़ी भी बन गए हैं और इस खास सूची में शामिल हो गए हैं।

1972 के बाद से यहां फाइनल तक पहुंचे पहेल अश्वेत अमेरिकी पुरुष हैं शेल्टन

वहीं शेल्टन को देखें तो वह 1972 के बाद से घरेलू ग्रैंड स्लैम स्पर्धा में फाइनल तक पहुंचे पहले अश्वेत अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उस वर्ष आर्थर ऐश फाइनल तक पहुंचे थे। यही नहीं यूएस ओपन में आखिरी बार किसी अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी ने 2003 में एकल खिताब जीता था, जब एंडी रॉडिक चैम्पियन बने थे। यानी शेल्टन के पास भी करिअर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के साथ इतिहास दोहराने का अवसर है।

एंडी रॉडिक के बाद 23 वर्षों से कोई अमेरिकी पुरुष नहीं जीत सका है यहां खिताब

दूसरे शब्दों में कहें तो शेल्टन के पास अब अपना पहला बड़ा खिताब जीतने और यूएस ओपन में अमेरिकी पुरुष एकल चैम्पियन के 23 वर्षों का इंतजार खत्म करने का मौका होगा। सेमीफाइनल में जीत के बाद शेल्टन ने दर्शकों से कहा, ‘रविवार को मुझे आप लोगों की ज़रूरत होगी। मैं यहां पूरी जान लगा दूंगा। मैं कोर्ट पर अपना सब कुछ झोंक दूंगा। मुझे उम्मीद है कि आप लोग मेरा साथ देंगे। आइए, USA के लिए यह करते हैं।’

शेल्टन से पांच मुलाकातों में ज्वेरेव 5-0 से आगे

वैसे शेल्टन के खिलाफ लेक्सस ATP हेड-टू-हेड सीरीज में ज्वेरेव 5-0 से आगे हैं, लेकिन अमेरिकी खिलाड़ी अपने पहले ग्रैंड स्लैम खिताबी मुकाबले में नए जोश के साथ खेलने की कोशिश करेगा। शेल्टन को घरेलू दर्शकों का समर्थन हासिल होगा और क्वार्टर फाइनल में गत चैम्पियन कार्लोस अल्काराज को हराने का आत्मविश्वास भी उनके साथ होगा।

महिला एकल फाइनल : सबालेंका की खिताबी हैट्रिक की राह में रिबाकिना

इस बीच शनिवार शाम (भारतीय समयानुसार मध्य रात्रि बाद) मौजूदा विश्व नंबर एक एरिना सबालेंका व दूसरे क्रम की एलेना रिबाकिना के बीच महिला एकल फाइनल खेला जाएगा। इनमें पिछले दो बार की चैम्पियन 28 वर्षीय बेलारूसवासी सबालेंका का यहां लगातार चौथा फाइनल है, जो खिताबी हैट्रिक जमाने का प्रयास करेंगी।

सबालेंका अमेरिकी सेरेना विलियल्स (2012-14) के बाद यह उपलब्धि अर्जित करने वालीं पहली खिलाड़ी बन सकती हैं। वहीं सोमवार को नई विश्व नंबर एक खिलाड़ी बनने के लिए तैयार 27 वर्षीय कजाख स्टार रिबाकिना की नजरें सत्र के दूसरे मेजर खिताब पर हैं, जो इसी वर्ष ऑस्ट्रेलियाई ओपन फाइनल में सबालेंका को हरा चुकी हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular