1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. झारखंड : चतरा में सुरक्षा बल की नक्सलियों के साथ मुठभेड़, दो जवान शहीद, एक घायल
झारखंड : चतरा में सुरक्षा बल की नक्सलियों के साथ मुठभेड़, दो जवान शहीद, एक घायल

झारखंड : चतरा में सुरक्षा बल की नक्सलियों के साथ मुठभेड़, दो जवान शहीद, एक घायल

0
Social Share

चतरा, 7 फरवरी। झारखंड के चतरा जिले में बुधवार को नक्सलियों और सुरक्षा बल के बीच मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए जबकि एक अन्य जवान के घायल होने की खबर है। यह मुठभेड़ झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 200 किलोमीटर दूर सदर और बशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्रों के बीच बैरियो के जंगल में हुई।

पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) अमोल वी. होमाकर ने बताया कि इस घटना में दो सुरक्षाकर्मियों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने बताया कि मृत जवानों की पहचान सिकंदर सिंह और सुकन राम के तौर पर की गई है। सिकंदर सिंह बिहार के गया और सुकम राम झारखंड के पलामू जिले के रहने वाले थे।

घायल जवान को उपचार के लिए हवाई मार्ग से रांची भेजा गया

चतरा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी संदीप सुमन ने बताया कि मुठभेड़ में घायल जवान आकाश सिंह को उपचार के लिए हवाई मार्ग से रांची भेजा गया है। सुमन ने बताया कि सुरक्षाकर्मी एक अभियान के बाद लौट रहे थे, तभी उन पर तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के उग्रवादियों ने हमला किया।

सीएम चंपई सोरेन ने सुरक्षाकर्मियों की मौत पर जताया दुख

इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने दो सुरक्षाकर्मियों की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार मृतकों के परिवार के सदस्यों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी। सोरेन ने एक आधिकारिक बयान में कहा, ‘इन सुरक्षा कर्मियों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। सरकार नक्सली गतिविधियों को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।’ मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को घायल कर्मी का समुचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

नई सरकार के सामने बड़ी चुनौती

वहीं झारखंड में विपक्ष के नेता अमर कुमार बाउरी ने मुठभेड़ के संदर्भ में कहा, ‘एक घायल जवान की हालत अब स्थिर है। लेकिन हमने दो जवान खो दिए और यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। नई सरकार के सामने यह एक बड़ी चुनौती होगी।’

16 फरवरी को होना है चंपई कैबिनेट का विस्तार

इस बीच झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री चंपई सोरेन 16 फरवरी को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। मंत्रिमंडल का विस्तार पहले गुरुवार को निर्धारित था, लेकिन राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के मद्देनजर कार्यक्रम में बदलाव किया गया है और अब 16 फरवरी को मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।

गौरतलब है कि चंपई सोरेन ने दो फरवरी को आधिकारिक तौर पर राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उसी दिन, दो मंत्रियों – आलमगीर आलम (कांग्रेस) और सत्यानंद भोक्ता (राष्ट्रीय जनता दल) ने भी शपथ ली थी।

संवैधानिक प्रावधानों के तहत, झारखंड में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। पिछली हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में एक सीट खाली थी। झामुमो के एक सूत्र ने कहा कि पार्टी एक या दो बदलावों की संभावना के साथ, हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में शामिल ज्यादातर मंत्रियों को फिर नियुक्त कर सकती है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code