राजस्थान : जयपुर के अवैध पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से 8 लोगों की मौत
जयपुर, 9 जून। राजस्थान की राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार पूर्वाह्न एक अवैध पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से बच्चे समेत आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कुछ अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिहायशी इलाके में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और निर्माण किया जा रहा था। पुलिस ने गोदाम संचालकों और मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्वाह्न करीब 11 बजे खोह नागोरियान थाना क्षेत्र के आयशा नगर तलाई इलाके में स्थित एक पटाखा गोदाम में आग लगी। विस्फोटक सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आए कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग आग में झुलसने के बाद सड़क पर तड़पते हुए दिखाई दिए, जिन्हें स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

जयपुर कलेक्टर संदेश नायक, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार, डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा समेत पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि पटाखा गोदाम में मजदूर काम कर रहे थे। आसपास में ही पटाखा फैक्ट्री भी है, जिसकी तहकीकात की जा रही है। घटना के संबंध में विधिक काररवाई की जाएगी, जल्द ही पुलिस स्थिति स्पष्ट करेगी। पहले आग पर काबू पाना और घायलों का इलाज जरूरी था।
जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में हुई दुर्घटना में जनहानि का समाचार दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।
जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटने, घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता…
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) June 9, 2026
सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख
इस बीच सीएम भजनलाल शर्मा ने जयपुर फटाखा फैक्ट्री हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सीएम ने लिखा – ‘जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में हुई दुर्घटना में जनहानि का समाचार दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटने, घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें तथा सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत व नेता प्रतिपक्ष जूली ने भी जताया शोक
वहीं, जयपुर फटाखा फैक्ट्री हादसे पर अशोक गहलोत ने दुख व्यक्त करते हुए X पर लिखा – ‘जयपुर के खो नागोरियन क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के भीषण हादसे में कई व्यक्तियों की मौत की सूचना दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें संबल दें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।’
जयपुर के खो नागोरियन क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के भीषण हादसे में कई व्यक्तियों की मृत्यु की सूचना दुखद है।
इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें संबल दें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की…
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) June 9, 2026
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शोक व्यक्त करते हुए X पर लिखा – ‘जयपुर के खो नागोरियान में मकान में चल रही पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग एवं विस्फोट से कई लोगों की मौत तथा कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। दिवंगतों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’
